मंत्री विजय शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
महू में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की प्रवक्ता कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा संगठन ने सख्त नाराजगी जताई है। पार्टी आलाकमान ने तत्काल उन्हें भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालय तलब किया। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और बाद में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात कर शाह ने सफाई दी और खेद जताया। मीडिया से बातचीत में विजय शाह ने कहा कि उनका इरादा किसी का अपमान करने का नहीं था और यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे कई बार माफी मांगने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार सैन्य परंपरा से जुड़ा रहा है।
मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी मेरे लिए सगी बहन से बढ़कर हैं, जिन्होंने उनका बदला लिया। मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का ना तो कोई इरादा था और ना ही कोई इच्छा। अगर मेरी किसी बात से किसी को बुरा लगा हो, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मंच से दिए गए अपने बयान पर उन्होंने भावनात्मक प्रतिक्रिया बताते हुए कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी धर्म या व्यक्ति को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमाप्रार्थी हैं। पार्टी की ओर से दी गई फटकार और विपक्ष के हमलों के बीच मंत्री शाह के इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी मेरे लिए सगी बहन से बढ़कर हैं, जिन्होंने उनका बदला लिया। मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का ना तो कोई इरादा था और ना ही कोई इच्छा। अगर मेरी किसी बात से किसी को बुरा लगा हो, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।
कांग्रेस ने की मंत्री को पद से हटाने की मांग
बता दें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि जब पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, तब भाजपा का एक वरिष्ठ मंत्री इस तरह की घृणित टिप्पणी कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री जहां सेना को सम्मान दे रहे हैं, वहीं उनकी पार्टी का मंत्री किसकी "बहन" भेजने की बात कर रहा है-क्या यह टिप्पणी आतंकवादियों को लेकर थी? पटवारी ने मांग की कि विजय शाह को तत्काल मंत्री पद से हटाया जाए और भाजपा यह स्पष्ट करे कि यह विचार व्यक्तिगत हैं या पार्टी की सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी इस मामले में कार्रवाई की अपील की। विवाद के बाद मंत्री की माफी के बावजूद कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई है।