सार
मध्यप्रदेश में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के वोट चोरी का भ्रम फैला रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है।
मध्यप्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के दावों को पूरी तरह बेबुनियाद और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल जनता को गुमराह करना और संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाना है। मंत्री सारंग ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रूप से अपना कार्य कर रहा है, लेकिन कांग्रेस चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चुनाव आयोग पर सवाल उठाना उसकी हारी हुई मानसिकता का प्रमाण है। यदि कांग्रेस को प्रक्रिया पर आपत्ति है तो वे औपचारिक शिकायत दर्ज करें, लेकिन न तो उन्होंने आयोग में कोई शिकायत दी है और न ही अदालत का दरवाजा खटखटाया। सारंग ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पिछले कुछ महीनों से “वोट चोरी” का झूठा प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हार के डर से फेस सेविंग की कोशिश कर रहे हैं और तथ्यों से परे भ्रम फैलाने में लगे हैं। जिन विदेशी मॉडलों का हवाला वे देते हैं, वे स्वयं उनके दावों को खारिज कर चुके हैं।