बैठक में पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अजय सिंह, अरुण यादव और विवेक तन्खा समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेजी दे दी है। दिल्ली में 29 मई को बड़ी बैठक बुलाई गई है। इसमें चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। कर्नाटक कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार समेत अन्य नेता इस बैठक में भाग लेंगे। कर्नाटक में मिली जीत का मंत्र साझा किया जाएगा। कांग्रेस कर्नाटक में मिली जीत से उत्साहित है और वह एक बार फिर मध्य प्रदेश में सत्ता हथियाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व की यह बैठक पहले 26 मई को होने वाली थी। नेता दिल्ली पहुंच भी गए थे। राहुल गांधी के व्यस्त होने की वजह से यह बैठक टालनी पड़ी। अब 29 मई को यह बैठक आयोजित हो रही है। बताया गया है कि कर्नाटक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अन्य नेता भी व्यस्त थे। इस वजह से बैठक की अगली तारीख 29 मई तय की गई है।
इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अजय सिंह, अरुण यादव और विवेक तन्खा समेत अन्य नेता शामिल होंगे। दिल्ली में होने वाली बैठक के मद्देनजर कमलनाथ ने भोपाल में सोमवार को जिला प्रभारियों के साथ होने वाली बैठक रद्द कर दी है। दिल्ली की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत कुछ अन्य नेता मध्य प्रदेश के नेताओं से चर्चा करेंगे।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश कांग्रेस की तैयारियों की जानकारी देंगे
पीसीसी चीफ कमलनाथ प्रदेश में चुनावी तैयारी को लेकर जानकारी देंगे। कर्नाटक की जीत से उत्साहित कांग्रेस प्रदेश में इसी मॉडल से चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस की योजना भाजपा की 18 साल की सरकार के भ्रष्टाचार के मुद्दे को घेरने और लोकलुभावन वादों से वोटरों को साधेगी। इसमें नारी सम्मान योजना जिसमें कांग्रेस महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। 100 यूनिट बिजली माफ और 200 यूनिट का बिल हाफ, किसानों की कर्ज माफी, ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने समेत अन्य वादे शामिल है।