विश्व प्रसिद्ध अलमी तब्लीगी इज्तिमा को लेकर राजधानी भोपाल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को ईंटखेड़ी के घासीपुरा मैदान में सुरक्षा तैयारियों का बड़ा रिहर्सल और फोर्स ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें करीब 2000 जवानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अंतिम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 से 17 नवंबर तक शहर में चौकसी के अभूतपूर्व इंतज़ाम रहेंगे और हर स्तर पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सख्त चौकसी
पुलिस के मुताबिक, आज देर रात से देशभर से आने वाले जमातियों का आगमन शुरू हो जाएगा। इज्तिमा में लाखों की संख्या में लोग शामिल होने वाले हैं। इसके मद्देनजर भोपाल जंक्शन, हबीबगंज, मिसरोद और सूखा सागर स्टेशन पर रेलवे पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी ने मिलकर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अस्थायी हेल्प डेस्क, रूट डायवर्जन जानकारी, मेडिकल टीम और वॉलंटियर तैनात किए गए हैं।
30 हजार लोग संभालेंगे व्यवस्थाएं
इज्तिमा स्थल की व्यवस्था 30 हजार प्रशिक्षित और अनुभवी लोगों के हाथों में होगी। इनमें 25 हजार वॉलंटियर्स इज्तिमा कमेटी के हैं, जबकि 5 हजार अमला नगर निगम, प्रशासन और पुलिस बल से जुड़ा है। ये टीमें सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक और पंडाल व्यवस्था को संभालेंगी। वहीं दमकल टीम चौबीसों घंटे इज्तिमा स्थल पर रहेगी। फायर फाइटर वाहनों को अलग-अलग बिंदुओं पर भी तैनात किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर करीब 500 वॉलंटियर प्रति शिफ्ट तैनात रहेंगे।
ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
ट्रैफिक एडीसीपी (ट्रैफिक) के मुताबिक, इज्तिमा स्थल तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 20 से अधिक अस्थायी पार्किंग जोन बनाए गए हैं। वहीं, शहर से इज्तिमा स्थल तक सिटी बसें और विशेष चार्टर्ड वाहन भी चलाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
बहनों को मिले 1500 रुपये, सीएम ने किस्त ट्रांसफर की, नहीं बदला योजना का नाम
पुलिस बल की हर इकाई को जिम्मेदारी सौंपी गई
रिहर्सल में क्यूआरटी, बम स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड, महिला पुलिस और रिजर्व फोर्स की टीमों ने मॉक ड्रिल की। कमिश्नर ने कहा इज्तिमा में लाखों की भीड़ उमड़ती है, इसलिए सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों मोर्चों पर कोई ढिलाई नहीं होगी। हर अधिकारी और जवान को अपना काम बखूबी समझा दिया गया है।
यह भी पढ़ें-
SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति,हर ब्लॉक में बनेगी निगरानी टीम, पटवारी ने आयोग को घेरा
सामाजिक संगठन और वॉलंटियर्स भी जुड़े
इज्तिमा स्थल पर मेडिकल कैंप, पानी, सफाई और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और वॉलंटियर्स की टीमें भी लगातार काम कर रही हैं। बीएमसी और जिला प्रशासन की टीमें रोजाना स्थल का निरीक्षण कर रही हैं ताकि किसी तरह की कमी न रह जाए।