भोपाल में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) विभाग की पूर्व ज्वाइंट डायरेक्टर रहीं सुनीता सिंह के खिलाफ लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच प्रारंभ कर दी है। उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं। यह कार्रवाई उनके खिलाफ मिले इनपुट्स के आधार पर की जा रही है, जिनमें उनकी घोषित आय की तुलना में अधिक संपत्ति अर्जित करने की आशंका जताई गई है। लोकायुक्त पुलिस को मिले प्रारंभिक संकेतों के बाद फिलहाल तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अभी तक औपचारिक रूप से प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन जांच एजेंसी उपलब्ध जानकारियों की पुष्टि में जुटी हुई है, ताकि आगे की कार्रवाई के लिए ठोस आधार तैयार किया जा सके।