पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश में चुनाव का काउंटडाउन शुरू होने के साथ ही राजनीति भी गरमा रही है। चुनावी साल में हनीट्रैप का जिन्न फिर बाहर आ गया है। कांग्रेस विधायक सुनील सराफ के हवाई फायरिंग मामले में की जा रही कार्रवाई पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने भाजपा पर पलटवार किया है। नए साल की पार्टी में मैं हूं डॉन गाने पर नाचते हुए कोतमा विधायक सुनील सराफ ने हवाई फायरिंग की थी, जिसका वीडियो वायरल हो गया था। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के पदाधिकारी इस मामले में कार्रवाई की बात कह चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आरोप लगाना हमारी संस्कृति नहीं है। वरना हमारे पास भी बीजेपी और आरएसएस कार्यकर्ताओं की सीडी है। उन्होंने विधायक सुनील सराफ का बचाव किया और कहा कि कांग्रेस विधायक ने कोई अपराध नहीं किया है। सीडी मैंने देखी है और रिकॉर्ड में भी रखी है। हम गड़े मुर्दे नहीं उखाड़ेंगे। गृहमंत्री (नरोत्तम मिश्रा) छोटी-छोटी बात पर एफआईआर कराते हैं। इससे कांग्रेस के विधायक दबने वाले नहीं हैं। हम 2023 में इसका जवाब देंगे। आने वाले चुनाव में बीजेपी का मध्यप्रदेश में पूरी तरह सफाया होगा।
वायरल वीडियो को लेकर दिए थे कार्रवाई के निर्देश
अनूपपुर के कोतमा से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ का हर्ष फायर करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। नए साल और जन्मदिन की पार्टी में मैं हूं डॉन गाने पर थिरकते हुए विधायक ने जेब से बंदूक निकालकर हवाई फायर किया था। गृहमंत्री ने इस मामले में अनूपपुर एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस विधायक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
कांग्रेस की नकल कर रही है भाजपा
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी को लेकर दिए बयान पर भी गोविंद सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छोटा मुंह बड़ी बात नहीं करना चाहिए। राष्ट्रीय नेताओं को अपमानित करने की यह राजनीतिक परंपरा भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने ही लाई है। खादी बेचने वाले विक्रेता 90 प्रतिशत कांग्रेस के कार्यकर्ता है। आजादी के समय उन्होंने (भाजपा नेताओं ने) कुछ नहीं किया है। सिर्फ कांग्रेस की नकल करते हैं। भाजपा के 70 प्रतिशत नेता भ्रष्टाचार की गंगोत्री में नहाए हुए हैं। बीजेपी ने हर वर्ष मंत्री और विधायकों की संपत्ति का ब्यौरा मांगा था। अभी तक कोई अपना ब्यौरा नहीं दे पाया है। हम 20 साल से इन्वेस्टर समिट देख रहे हैं, निवेशक वादा करते हैं और पलटकर नहीं देखते। भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सरकार का इतिहास कलंक के रूप में लिखा जाएगा।
वीडी शर्मा बोले- दम है तो सीडी जारी करें
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के बयान पर चैलेंज देते हुए कहा कि गोविंद सिंह दम है तो सीडी जारी करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीडी जारी करने की औकात नहीं हैं। जो भी है कांग्रेस जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीडी के बहाने जनता को गुमराह करने झूठ बोलने की कोशिश कर रही हैं। शर्मा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को सबक सीखाएगी।