मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। इसमें दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे के एक दिन बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झूठ बोलने का आरोप लगाया है। इस पर पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने पटलवार करते हुए कहा कि सूप बोले तो बोले, चलनी क्या बोले, जिसमें बहत्तर छेद।
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि जिस व्यक्ति ने 22000 झूठी घोषणा करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जब वह व्यक्ति सत्य के लिए जान तक कुर्बान कर देने वाले गांधी परिवार के व्यक्ति पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हैं तो एक ही कहावत याद आती है- सूप बोले तो बोले, चलनी क्या बोले, जिसमें बहत्तर छेद। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ने शनिवार को सोनी समाज का सम्मेलन बुलाया गया था। इस सम्मेलन में कमलनाथ ने कहा कि मेरा और कांग्रेस का साथ मत देना, सच्चाई का साथ देना। यह इलेक्शन प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। नाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 18 साल में व्यापार-व्यवसाय सब बर्बाद हो गया, बेरोजगारी बढ़ी, अर्थव्यवस्था चौपट हो गई, 31 लाख करोड़ के निवेश का दावा झूठा निकला। भाजपा को अब चुनाव में कर्मचारी, बहन और समाज याद आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा तोड़ने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि आप नाथ और कांग्रेस का साथ मत देना, सच्चाई का साथ देना। बता दें चुनाव के पहले सभी राजनीतिक दल हर वर्ग और जाती को साधने में जुटे हुए है।
बता दें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी में मीडिया के सवाल पर कहा कि प्रियंका गांधी को झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कई झूठ बोले है। तीन साल में 27 नौकरी की बात प्रियंका गांधी कर रही है। कांग्रेस को भर्ती करो तो दिक्कत है और ना करो तो दिक्कत है। सच यह है कि एक साल में 55 हजार नौकरियां दी गई। कांग्रेस हर काम में सवाल उठाती है। उन्होंने लाडली बहना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और सीखो कमाओ योजना को गिनाते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पूछ रही है कि 18 साल में क्या किया? उन्होंने कहा कि 18 साल पहले गड्ढे में सड़क को ढूंढना पड़ता था। हमने सड़कों को निर्माण कराया। सिंचाई और पीने का पानी नहीं था। बिजली का पता नहीं रहता था। हमने सिंचाई समेत सभी सुविधाओं को बढ़ाया। हम प्रदेश की जनता की जिंदगी को बेहतर करने का लगातार काम कर रहे है। कांग्रेस ने तो योजनाओं को बंद किया। सीएम ने प्रियंका गांधी का साफ झूठ सुनकर आश्चर्य होता है।