मध्य प्रदेश में दूध के दाम में बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं का महंगाई का झटका लगा है। सांची का दूध अब दो रुपए महंगा मिलेगा। सांची दुग्ध संघ ने दूध के दाम में प्रति लीटर दो रुपए की बढ़ोतरी की है। नए दाम 17 जुलाई से लागू होंगे। सांची का फूल क्रीम दूध अब 63 रुपए प्रति लीटर की जगह 65 रुपए, चाह दूध 50 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 52 रुपए, चाय स्पेशल दूध 51 रुपए से 53 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।
वहीं, आधा लीटर दूध के दाम में एक रुपए की बढ़ोतरी की है। जिसमें अब डायमंड दूध 500 एमएल 33 की जगह 34 रुपए, फूल क्रीम दूध (गोल्ड) 32 की जगह 33 रुपए, स्टेण्डर्ड दूध (शक्ति) 29 की जगह 30 रुपए, टोण्ड दूध (ताजा) 26 की जगह 27 रुपए और डबल टोण्ड (स्मार्ट) 24 की जगह 25 रुपए में मिलेगा।
बता दें सांची ने डेढ़ साल बाद दूध के दाम में बढ़ोतरी की है। इससे पहले सांची ने दिसंबर 2022 में दूध के दाम बढ़ाए थे। अब दूध के दाम बढ़ने के बाद अब माना जा रहा है कि सांची के दूसरे उत्पाद के दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। भोपाल में दूध की 7 से 8 लाख लीटर प्रतिदिन खपत होती है। इसमें सबसे ज्यादा पैकेड दूध सांची का तीन लाख लीटर के करीब बिकता है। इसके बाद दूसरे उत्पाद के दूध की बिक्री होती है।