पन्ना जिले के बीट गार्ड (वनरक्षक) जगदीश प्रसाद अहिरवार
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 130वें संस्करण में मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बीट गार्ड (वनरक्षक) जगदीश प्रसाद अहिरवार के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचार की सराहना की। प्रधानमंत्री ने औषधीय पौधों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण के उनके प्रयास को साधारण व्यक्ति द्वारा किया गया असाधारण कार्य बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल बड़े अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे स्तर पर किए गए प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि अहिरवार ने जंगल भ्रमण के दौरान औषधीय पौधों की जानकारी के अभाव को महसूस करते हुए 125 से अधिक औषधीय पौधों की पहचान की और उनके नाम, उपयोग, फोटो एवं उपलब्धता का रिकॉर्ड तैयार किया। इस सामग्री को वन विभाग द्वारा संकलित कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया, जो शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और वन अधिकारियों के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है।