भोपाल में रिश्वत लेते महिला पटवारी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने महिला पटवारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। हुजूर तहसील की पटवारी सुप्रिया जैन ने 18 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए प्रति एकड़ दो हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में भोपाल लोकायुक्त को शिकायत की गई थी। लोकायुक्त पुलिस भोपाल को मंगलवार को सीमांकन के लिए पटवारी सुप्रिया जैन द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी।
शिकायतकर्ता मोहम्मद असलम, जो कि भोपाल जिले की हुजूर तहसील के ग्राम मुबारकपुर के निवासी हैं और पेशे से किसान है। उन्होंने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार राठौर को शिकायत दी थी। असलम की 18 एकड़ कृषि भूमि ग्राम कलाखेड़ी में स्थित है, जिस पर सीमांकन की आवश्यकता थी क्योंकि पड़ोसी किसान जमीन पर कब्जा कर रहे थे। सीमांकन के लिए उन्होंने लोक सेवा केंद्र में आवेदन किया था। इस पर कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार ने हल्का पटवारी सुप्रिया जैन (हल्का 40, परवलिया सड़क) को सीमांकन आदेश जारी किया। आरोप है कि सुप्रिया जैन ने सीमांकन की एवज में प्रति एकड़ 2000 रुपए के हिसाब से 36,000 रुपए की रिश्वत की मांग की।
आवेदक ने रिश्वत देने से इंकार करते हुए 13 मई 2025 को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा 30,000 रुपए की रिश्वत मांगना प्रमाणित हुआ, जिसके बाद 14 मई 2025 को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने जाल बिछाया। टीम ने पटवारी सुप्रिया जैन को 10,000 रुपए की प्रथम किस्त लेते समय लालघाटी स्थित उनके निवास की पार्किंग में पकड़ा। पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।