गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
दमोह के गंगा जमुना स्कूल में हिंदू छात्राओं को हिजाब पहनाने के मामले में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हिजाब पहनाना और कलावा उतरवाना भोलापन नहीं है। उन्होंने कहा कि दूसरे धर्म की भावना आहत करना गलत है। यह निंदनीय कृत्य है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अतिक्रमण की कार्रवाई शुरू हो गई है। यह कार्रवाई बुधवार को भी जारी रहेगी। मिश्रा ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में हिमाचल में बढ़ती आर्थिक तंगी को लेकर कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर आई थीं। बड़े जोश से कह रही थी कि हमारी सरकारों का देखों। अब उन्हें अपनी सरकारों को देखना चाहिए कि हिमाचल में वेतन क्यों नहीं बंट पा रहा है? यह मिस-मैनेजमेंट क्यों हो रहा है? दिग्विजय सिंह की 10 साल तक सरकार रही। इन्हें निगम और बोर्ड गिरवी रखना पड़ा था। यह झूठी घोषणाएं कर देते हैं। भाजपा सरकार में मैनजमेंट होता है। इससे पहले कमलनाथ जी भी रोना रोते रहे। इन्हें भाजपा सरकारों से सीखना चाहिए।
यह तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं
हिमाचल में मनोहर नाम के युवक की हत्या पर बोले कि इससे पहले राजस्थान में ऐसी खबर आई थी। इस पूरी घटना पर प्रियंका चुप है। दिग्विजय सिंह चुप है। यह तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। बता दें हिमाचल में मनोहर नाम के युवक को मुस्लिम लड़की से दोस्ती करने की वजह से मार डाला। इसके बाद उसके आठ टुकड़े कर बोरे में भरकर फेंक दिया गया।
नीतीश अपना घर नहीं बचा पा रहे हैं
नीतीश कुमार सरकार के मंत्री के इस्तीफे पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि नीतिश कुमार अपना घर बचा नहीं पा रहे हैं। विपक्षी दलों को एक करने की बात करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और हिन्दुस्तानी आवामी मोर्चा (HAM) कोटे से बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है।