मंत्री विश्वास सारंग ने श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के छोला स्थित प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर को आने वाले समय में नई पहचान मिलने जा रही है। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से यहां विकसित किए जा रहे श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बुधवार को सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी परियोजना तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कॉरिडोर का उद्देश्य केवल मंदिर का विस्तार करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें-
MP Cabinet: मोहन सरकार का बड़ा फेरबदल, लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस, आनंद विभाग की जिम्मेदारी सौंपी
मंत्री सारंग ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मंदिर के पुराने गर्भगृह की मूल संरचना और धार्मिक स्वरूप में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाए। परिसर का विस्तार इस तरह किया जाए कि मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से प्रत्येक चरण के लिए विस्तृत ड्राइंग और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा हो सके। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश भी दिए। करीब 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह कॉरिडोर राजस्थान के व्हाइट मार्बल और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला पर आधारित होगा। यहां सुंदरकांड की झलक प्रस्तुत करने वाला भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगा। परियोजना के तहत आधुनिक पार्किंग, चौड़ी सड़कें, दर्शक दीर्घा, सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए अधोसंरचना और अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। साथ ही दशहरा मैदान के खुले स्वरूप को संरक्षित रखते हुए वहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ये भी पढ़ें-
Datia By-election: दतिया उपचुनाव के लिए BJP ने सांसद भरत कुशवाह को प्रभारी, राहुल कोठारी को सह-प्रभारी बनाया