आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू), भोपाल ने शहर के बिल्डर और होमटेक कंस्ट्रक्शंस के मालिक अनवार बेग के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। बिल्डर पर कई शिकायतकर्ताओं से फ्लैट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि अनवार बेग ने भोपाल के अदनान कॉम्प्लेक्स बिल्डिंग समेत अन्य जगहों पर फ्लैट बेचने के लिए शिकायतकर्ताओं से अनुबंध किए। शिकायतकर्ताओं ने भुगतान किए, लेकिन न तो उन्हें फ्लैट की रजिस्ट्री मिली और न ही उनके पैसे वापस हुए।
ये भी पढ़ें-
CM यादव भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण, 28 जिलों में मंत्री और इंदौर में समेत 24 जिलों में कलेक्टर फहराएंगे तिरंगा
ईओडब्ल्यू की जांच में खलील उस्मानी से 14 लाख रुपये, उमर रऊफ से 5 लाख रुपये, सैयद इकबाल हसन से लगभग 8 लाख 10 हजार रुपये, रईस अली से 13 लाख रुपये और मसरूर ने उनकी पत्नी के नाम से फ्लैट खरीदने अनवार बेग को 10 लाख रुपये दिए थे, लेकिन बेग ने उनको पैसे लेने के बावजूद ना तो रजिस्ट्री कराई ना फ्लैट दिया। इसके अलावा, कई अन्य शिकायतकर्ताओं से चेक और नकद राशि के रूप में करोड़ों रुपये लिए गए।
ये भी पढ़ें-
MP News: वीडी शर्मा ने तिरंगा और स्वदेशी उत्पाद खरीदा, बोले- घर-घर में देशभक्ति का जज्बा हैं
कुछ मामलों में, अनवार बेग ने शिकायतकर्ताओं से संपत्ति के बदले संपत्ति देने का आश्वासन दिया और उनकी संपत्तियों की रजिस्ट्री करा ली। ऐसे पांच शिकायर्तकर्ताओं के साथ 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी अनवार बैग द्वारा की गई। ईओडब्ल्यू ने प्रारंभिक जांच के बाद अनवार बेग के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज किया है। ईओडब्ल्यू जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी ने नागरिकों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने और समय पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।