मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल घोषणाएं और आश्वासन देने का काम कर रही है, जिनका कोई ठोस आधार नहीं है। कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि यदि केवल घोषणाएं और आश्वासन देने के लिए पुरस्कार दिया जाए, तो मध्यप्रदेश को पहला पुरस्कार मिलना चाहिए। आज हर मुद्दे पर केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पूछे कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अब तक कितनी घोषणाएं की हैं, तो किसी के पास इसका कोई हिसाब-किताब नहीं होगा।