सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और भोपाल के पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला। दिग्विजयसिंह ने भोपाल में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पोस्ट की, जिस पर पुलिस कमिश्नर ने तीखा जवाब दिया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने X पर एक पोस्ट में कहा, "जब थाने की पोस्टिंग की बोली लगती है तो यही होगा। जयवर्धन सिंह के शासकीय आवास पर भी चोरी हो गई। अब @CP_Bhopal से क्या उम्मीद करें?
इस पर भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने तुरंत ही X पर जवाब देते हुए कहा कि थाने में पोस्टिंग की बोली के आरोप निराधार और दुर्भावनापूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जयवर्धन सिंह के शासकीय आवास में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है और आरोपी पकड़े जा चुके हैं। साथ ही, चोरी की सामग्री भी बरामद कर ली गई है।
उन्होंने आगे कहा कि भोपाल में हुई ज्वेलरी शॉप की लूट की घटना में पुलिस ने महत्वपूर्ण और निर्णायक साक्ष्य जुटा लिए हैं, और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हर महत्वपूर्ण अपराध में पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही की है और इस मामले में भी पुलिस गंभीरता से काम कर रही है।