मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
लोकसभा चुनाव की प्रदेश में तैयारी तेज हो गई है। भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 सीटों पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। अभी तक कांग्रेस सिर्फ 10 प्रत्याशियों के नाम ही घोषित कर सकी है। इस बीच, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के राजगढ़ से चुनाव लड़ने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के लिए 30 साल बाद वापस अपने घर में क्यों आ रहे हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव लड़ाने के लिए लोग ही नहीं मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खासकर भाजपा के पक्ष में जो बयार चल रही है। कांग्रेस के बड़े नेता लड़ने से मना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार मना कर रहे हैं और कांग्रेस उनको लड़ाने पर तुली हुई है। कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। चुनाव के लिए कोई 30 साल बाद वापस अपने घर में आ रहे हैं।
भोपाल से क्यों नहीं लड़ रहे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा वे पहले भोपाल से चुनाव लड़े थे। भोपाल से क्यों नहीं चुनाव लड़ रहे हैं? जहां आपकी सीट है, जहां आप 10 साल मुख्यमंत्री थे, वहां कौन आपको मना कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनता बढ़ाता जनाधार, जनता का जो विश्वास है, मोदी जी के काम पर जनता का भरोसा है। बता दें, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के राजगढ़ से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, वहां से वे चुनाव लड़ेंगे। पार्टी का आदेश मानना पड़ता है। इसलिए वे चुनाव लड़ेंगे।