मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मैं फिर कांग्रेस और कमलनाथ जी को याद दिलाना चाहता हूं। झूठ को कितना ही सुंदर लिबास पहनाकर सच दिखाने की कोशिश करें लेकिन झूठ का मुंह काला ही रहता है।
सीएम ने कहा कि उन्होंने कई झूठे वादे किए थे और मैं लगातार उनसे सवाल पूछ रहा हूं कि उन झूठे वादों का क्या हुआ। वह वादे क्यों पूरे नहीं हुए? कमलनाथ जी आपने सरकार आने से पहले जनता से अपने वचन पत्र में कहा था। गंभीर रूप से बीमार बहनें जो काम करने की क्षमता खो चुकी है उन्हें जीवन भर भरण-पोषण के लिए योजना बनाएंगे। आपने वादा तो कर लिया वोट भी ले लिए थे लेकिन पूरा क्यों नहीं किया?
वहीं, सीएम ने कांग्रेस के सोमवार को राजभवन घेराव पर कमलनाथ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के बाहर हैं या देश के बाहर हैं। लेकिन ट्विटर की चिड़िया उनकी सदैव उड़ती रहती है।
अब यह कांग्रेस विश्लेषण करे कि उनके राष्ट्रीय नेता जो है वह भी देश के बाहर जाकर ज्यादा बात करते हैं। जो प्रदेश के नेता है वह मुझे नहीं पता कि वह देश के बाहर है... लेकिन कौन कहां है और कौन क्या कर रहा है यह कांग्रेस खुद सोचे।