कमलनाथ-शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ से सवाल पूछते हुए निशाना साधा। शिवराज ने कहा कि कमलनाथ के नेता ही आजकल उनके तोते उड़ा रहे हैं। इस पर कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा कि आप रोज अपना मजाक उड़वा रहे हो।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण के बाद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कामकाज को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2018 में कई झूठे वादे करके जितने समझ में आए सब वचन पत्र में लिख दिए और जिन वादों को पूरा करने का वचन देकर सत्ता में आए, उनमें से कोई पूरा नहीं किया। यही सच मैं, जनता के सामने उजागर करना चाहता हूं कि कांग्रेस झूठ बोलती है, कमलनाथ झूठ बोलते हैं। जो कहते हैं वो कभी नहीं करते।'
कई योजनाओं का अनुदान बंद कर दिया
सीएम ने कहा कि कमलनाथ ने उनके एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। वो इधर-उधर की बातें करके सवालों से बचते हैं, लेकिन जनता के बीच में सच उजागर करना हमारी ड्यूटी है। शिवराज ने कहा, '2018 के वचन पत्र में कमलनाथ जी आपने लिखवाया था आधुनिक कृषि यंत्र जिनकी लागत 2 लाख रुपये तक है, उस पर 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। सवा साल में आपने कितना अनुदान दिया ये तो बता दो? सीएम ने कहा कि एक धेला नहीं दिया, अनुदान देने की तो दूर की बात है। कई योजनाओं के अनुदान बंद कर दिए। मुझे पता है कि वो फिर से ट्वीटर की चिड़िया उड़ाएंगे। हालांकि, उनके नेता ही आजकल उनके हाथ के तोते उड़ा रहे हैं। हाथ जोड़ते हुए तो कहीं दिख नहीं रहे हैं, लेकिन आपस में जरूर युद्ध शुरू हो गया है।'
पद की गंभीरता को समझिये : कमलनाथ
पूर्व सीएम कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा, 'शिवराज जी भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में घोषणा की थी कि सभी किसानों को जीरो टिल सीड ड्रिल और हैपी टर्बो सीडर्स पर 90 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी, ताकि कटाई में विलंब के कारण दूसरी फसल पर असर ना पड़े।' प्रदेश के किसी एक भी किसान को 90 फीसदी सब्सिडी मिली हो तो आप जनता को बता दें। आप तो रोज अपना मजाक उड़वाने के लिए उटपटांग बातें करने लगते हैं? पद की गरिमा और गंभीरता को समझिये।'