भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक मे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के लिए चलाया जा रहा है। अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, क्रांतिकारियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण होंगे और एमपी के एक करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। इसमे 50 लाख तिरंगे भाजपा उपलब्ध कराएगी।
बैठक के बाद वीडी शर्मा ने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान में 64523 बूथों पर शुरू कर रहे हैं। प्रदेश के 1.5 करोड़ घरों में तिरंगा पहुंचाने की तैयारी की है। हर घर हर व्यक्ति को तिरंगा उपलब्ध हो इसके लिए भी व्यवस्था की है। हर बूथ और मंडल पर तिरंगा बीजेपी के कार्यकर्ता पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के साथ युद्ध स्मारकों पर पुष्पांजलि और विभाजन विभीषिका के कार्यक्रम होंगे। हर जिले में विभाजन विभीषिका के कार्यक्रम होंगे। युवा मोर्चा 11,12 और 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालेगा। 12,13,14 अगस्त को युद्ध स्मारकों पर श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि कार्यक्रम होंगे।
14 अगस्त को सभी जिलों में भारत विभाजन विभीषिका दिवस है। बीडी शर्मा ने कहा कि 14 अगस्त को युवाओं को विभाजन की विभाषिका को याद दिलाने के लिए प्रदर्शनी और जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसमे सेल्फी विथ तिरंगा कार्यक्रम भी सोशल मीडिया पर चलाया जायेगा। बीडी शर्मा ने कहा कि अभियान के लिए मंडल की अभियान समितियों का गठन किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर 5 सदस्यीय अभियान समिति बनाई गई है। 7 और 8 अगस्त को जिलों में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। मंडलों की बैठक 9 और 10 अगस्त को करना है।
विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस मनाया जाएगा। नव जवानों को यह बताना है कि 14 अगस्त को क्या हुआ था। जिलों में प्रदर्शनी लगेगी और गोष्ठी होगी, जहां विभाजन के बारे में बताया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व है। इस पर्व के अवसर पर पार्टी का प्रदेशभर में घर घर पर तिरंगा अभियान के कार्यक्रम में सरकार सहयोग करेंगे। पहली बार 55 जिलों में पुलिस बैंड उपलब्ध कराए गए हैं। नगर स्थापना नगरी प्रशासन विभाग पंचायत स्तर पर पंचायत विभाग स्कूल शिक्षा उच्च शिक्षा और संस्कृति विभाग कार्यक्रम करेंगे। 10 अगस्त को नारी सशक्तिकरण के लिए कार्यक्रम होने वाला है। 25 हज़ारे जगहों पर एक साथ कार्यक्रम होंगे और महिलाओं को लाडली बहना और रक्षाबंधन का शगुन ट्रांसफर होगा। श्री कृष्ण के लिए भी मध्यप्रदेश का महत्व रहा है। इसलिए जन्माष्टमी पर भी संस्कृति विभाग को जोड़कर उत्सव मनाने की तैयारी है।
मुख्यमंंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजादी का पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी गणतंत्र का बड़ा पर्व है। यह दोनों त्योहार हमारे लिए सर्वाधिक महत्व के हैं। ऐसे में इनकी गरिमा और गौरव सरकार के साथ पार्टी ने सुंदर विचार किया है कि हम केवल 15 अगस्त के दिन झंडा वंदन नहीं करेंगे.. हमारी पहचान कार्यकर्ता के नाते से तो होगी लेकिन हाथ में तिरंगा लेकर जब हम पूरे समाज को जागृत करेंगे, पूरे समाज को आंदोलित करेंगे। आज के इस अवसर पर इसकी महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। अगर अगल-बगल के देशों में हम देखें तो हमारे साथ आजाद हुए या हमारे बाद आजाद हुए उन देशों के अंदर लोकतंत्र की हालत क्या हो गई है.., अभी बांग्लादेश का घटनाक्रम आपने देखा, हमारे साथ 14 अगस्त को आजाद हुए पाकिस्तान को देखें या या श्रीलंका की हालत देखें। यह हालत इसलिए होती है क्योंकि उनके साथ समाज में इस प्रकार की चेतना जगाने के लिए राष्ट्रवादी दलों का अभाव है और उनकी दुर्दशा हुई।
सीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमारा अपना पार्टीगत कार्यक्रम के बजाय राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत होकर ये आमजन का कार्यक्रम रहेगा। यह आयोजन गरिमा पूर्ण और आनंद से हो इस बात की हमें चिंता करना है। इस कार्यक्रम में अलग-अलग प्रकार की जो हमारी निर्वाचित इकाइयां है, नगरीय निकाय नगर निगम के माध्यम से, स्थानीय शासन के माध्यम से, ग्रामीण की अपनी पंचायत इकाई, स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा सबको एक साथ जोड़कर अपने वार्ड में पंचायत में घर-घर तिरंगा लगे। इस अभियान में हम और आप मिल कर लगेंगे सरकार भी लगेगी।रक्षाबंधन का पावन पर्व 19 तारीख को है और हम सबने तय किया है कि हम सब मिलकर समाज के साथ इस आयोजन को मनाएंगे। यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है इसलिए 10 तारीख के दिन एक साथ 25 हजार जगह पर एक साथ ये कार्यक्रम मनेगा। आप सभी से अपेक्षा है कि जो जहां रहेगा वहा से 25 हज़ार जगहों पर हुए रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल होंगे और एक साथ सिंगल क्लिक के माध्यम से लाड़ली बहनों को जो 1250 मिलते हैं वह तो मिलेंगे ही, ₹250 उसके अतिरिक्त मिलेंगे।
सीएम यादव ने कहा कि सावन माह में महाकाल की अपनी सवारी चल रही है। सवारी में प्रयास किया गया है कि हमारे आदिवासी अंचल के अलग-अलग प्रकार के वाद्यों के साथ लोग आएं तो अभी तक झाबुआ, धार, डिंडोरी, मंडला और कौन-कौन सी जगह से लोग रह गए हैं तो आप भी स्वयं सवारी में अपने अंचल के लोगों को लेकर शामिल होना चाहिए। यह हम केवल उज्जैन ही नहीं, ओमकारेश्वर और पशुपतिनाथ की सवारी में भी कर सकते हैं ताकि सामाजिक समरसता की दिशा में एक अच्छा प्रयास हो सके। कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी धर्म के, समारोह के सबके साथ मिलकर इस आयोजन का हिस्सा बने।