प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए आदिवासी वोटरों को साधने के लिए कांग्रेस ने बुधवार से सीधी से स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत की। यात्रा का नेतृत्व मप्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामू टेकाम कर रहे हैं। यात्रा के शुभारंभ पर दोनों नेताओं ने गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्थित सबरी माता के मंदिर में पूजा-अर्चना की और वहां से सीधी जिले में पहुंचे। जहां से शुरुआत गांधी ग्राम में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंका बैगा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य और भाजपा सरकार में दबंगों द्वारा आदिवासी विरोधियों पर हो रहे अत्याचार और भाजपा सरकार की आदिवासी विरोधी नीतियों को उजागर करना है। भाजपा सरकार में आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं। यात्रा का समापन सात अगस्त को झाबुआ में होगा। यह यात्रा 17 जिलों के 36 आदिवासी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। समापन अवसर पर झाबुआ में आयोजित जनसभा में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौजूद रहेंगे।
ढोंग यात्रा निकाल रही है कांग्रेस : डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आदिवासी स्वाभिमान यात्रा के नाम पर केवल ढोंग कर रही है। यह यात्रा आदिवासी भाई-बहनों को भ्रमित करने, उनके साथ छल करने के लिए निकाली जा रही है। आदिवासी भाई-बहनों को कांग्रेस के इस छलावे में नहीं आना है। हमें अब कांग्रेस के साथ वही करना चाहिए, जो कांग्रेस हमारे जनजातीय भाई-बहनों के साथ 60 सालों तक करती रही है। कांग्रेस हमारे साथ दोगलापन करती रही है। भोले-भाले आदिवासी भाइयों को छलने के लिए निकाली जा रही इस यात्रा का हमें कांग्रेस के नेताओं को जवाब देना है, क्योंकि यह यात्रा एक छलावा, ढोंग और नौटंकी यात्रा है।
इन विधानसभा क्षेत्रों से निकलेगी यात्रा
आदिवासी स्वाभिमान यात्रा सीधी से धौहनी, ब्यौहारी, मानपुर, जयसिंघनगर, जैतपुर, अनूपपुर, पुष्पराजगंज, डिंडोरी, शाहपुर, निवास, मंडला, बिछिया, बैहारी, परसवाड़ा, बरघाट, लखनादौन, अमरवाड़ा, जुन्नारदेव, घोड़ाडोंगरी, टिमरनी, हरसूद, पंधाना, नेपानगर, भीकनगांव, भगवानपुर, सेंधवा, पानसेमल, बड़वानी, कुक्षी, मनावर, धरमपुरी, गंधवानी, जोबट होते हुए झाबुआ पहुंचेगी।