सीएम डॉ. मोहन यादव मन की बात कार्यक्रम सुनते हुए
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 118वीं कड़ी में हाथियों को जंगल में रखने के लिए असम के हाथियों से जुड़ी एक सफल कहानी का जिक्र किया। साथ ही मध्य प्रदेश में नए बने रातापानी टाइगर रिजर्व का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के वाजपेयी नगर ईदगाह हिल्स स्थित योग केन्द्र में स्थानीय रहवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने असम में हाथियों को लेकर किए गए सफल प्रयोग का जिक्र किया, जिसमें जंगल में खाने के लिए घास उगाई गई ताकि हाथी गांव में जाकर किसी को परेशान न करें। मुख्यमंत्री कहा कि वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर इस तरह का प्रबंधन करेंगे, ताकि जंगली हाथी जंगल में ही रहे और बाहर आकर किसी को कोई नुकसान न पहुंचाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में हाथियों को लेकर बताया कि 'हाथी बंधु' नामक टीम ने मिलकर 800 बीघा बंजर भूमि पर नेपियर घास उगाई, जिससे हाथियों ने गांवों की ओर आना कम कर दिया और खेतों को बर्बाद होने से बचाया। इससे 100 गांवों को राहत मिली, प्रधानमंत्री मोदी ने इस पहल को लेकर राज्य सरकारों को प्रोत्साहित किया।
सीएम बोले- हमारे लिए गौरव की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में रातापानी टाइगर रिजर्व का जिक्र किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक नया टाइगर रिजर्व मिलना, हमारे लिए सौभाग्य की बात हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल वह राजधानी बनी है, जहां मनुष्य और बाघों की सहअस्तित्व की भावना है-दिन में मनुष्य और रात में बाघ घूमा करते हैं। बता दें प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि हाल के समय में देश में दो नए टाइगर रिजर्व जुड़े हैं, जिनमें से एक मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व और दूसरा छत्तीसगढ़ में गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व है।
गरीब कल्याण के लिए समग्र रूप से कार्य कर रही है राज्य सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी है। इससे विभिन्न राज्यों में हो रहे नवाचारों और व्यक्तिगत स्तर पर जनसामान्य द्वारा की जा रही पहल की जानकारी प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात कार्यक्रम में प्रदेश में आरंभ हुए रातापानी टाइगर रिजर्व और ग्वालियर का स्टार्टअप सेंटर के रूप में उल्लेख करने से सभी प्रदेशवासियों को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है। प्रदेश वन्य जीवों की दृष्टि से निरंतर समृद्ध हो रहा है। स्टार्टअप के साथ-साथ युवाओं को कौशल विकास और स्वावलम्बन के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। बहन-बेटियों को लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्हें उद्योगों में रोजगार दिलाने के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब कल्याण के लिए समग्र रूप से कार्य कर रही है। इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।