ग्वालियर के नवसुसज्जित एयरपोर्ट से नई हवाई सेवाएं शुरू हुई हैं। ग्वालियर-बेंगलुरू और ग्वालियर से दिल्ली और अयोध्या के बीच नई हवाई सेवाओं का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा प्रयास यह है कि प्रत्येक जिले से एयर एंबुलेंस का संचालन हो। इससे गंभीर रोगियों को अच्छे चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए हवाई सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। हवाई सेवाओं से पर्यटन, व्यापार-वाणिज्य की गतिविधियों और अन्य समस्त आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि संभव होती है। इस दिशा में केन्द्र सरकार के प्रयासों के साथ राज्य सरकार भी अधिकतम प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना जिले के चित्रकूट से ग्वालियर को मिली नई उड़ान सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतरिादित्य सिंधिया के साथ-साथ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई विमान सेवाओं से ग्वालियर अंचल के साथ ही प्रदेशवासी उत्तर और दक्षिण भारत से एयर कनेक्टिविटी की सुविधा प्राप्त करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हवाई सेवाओं का विस्तार हो रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के ग्वालियर, माधवराव सिंधिया की भूमि ग्वालियर और वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई के कर्म क्षेत्र के निवासियों को मकर संक्रांति पर्व पर नई सौगात प्राप्त हो रही है।
ग्वालियर में 500 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट को अपग्रेड किया गया है और यह पहल ऐतिहासिक है। यह कारवां चलता रहेगा। प्रदेश की विभिन्न हवाई पट्टियों के अपग्रेडेशन का कार्य भी हो रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मध्यप्रदेश को निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत में प्राचीन काल में पुष्पक विमान के प्रयोग का स्मरण करते हुए भगवान श्रीराम का भी उल्लेख किया, जिन्होंने उत्तर से दक्षिण की यात्रा की। भगवान श्रीकृष्ण ने पूर्व से पश्चिम की यात्रा की। इसमें पूरा देश समाहित हो जाता है। इन महापुरुषों ने भारतीय संस्कृति का परचम लहराया। आज मध्यप्रदेश का ग्वालियर, हवाई मार्ग से अयोध्या से जुड़ा है, यह किसी अलौकिक दृश्य के समान है।
सिंधिया बोले, यह उड़ानें ग्वालियर को नई शक्ति प्रदान करेंगी
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि त्योहारों की बेला में नई हवाई सेवाओं को प्रारंभ करने का शुभ कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मध्यप्रदेश और ग्वालियर भी बदल रहा है। आज प्रारंभ हुई ये उड़ानें व्यवसाय-वाणिज्य और पर्यटन में वृद्धि कर अर्थव्यवस्था को नई शक्ति प्रदान करेंगी। भारत की आध्यात्मिक और आर्थिक शक्ति का संगम हो रहा है। इससे हमारा देश विश्व पटल पर उभर कर आएगा।
ग्वालियर से नई विमान सेवाओं के प्रारंभ होने से यात्री दक्षिण भारत और आईटी कैपिटल तक और केन्द्रीय राजधानी के साथ ही रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या तक पहुंच सकेंगे। ग्वालियर में विमानतल को आधुनिकतम स्वरूप देने के साथ ही प्राचीन संस्कृति और इतिहास की झलक प्रस्तुत करने का कार्य भी हुआ है। केन्द्रीय मंत्री ने इंदौर से यूएई, शारजाह के लिए हवाई सेवाओं और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए किए प्रयासों की भी विस्तार से जानकारी दी।सिंधिया ने यह भी कहा कि ग्वालियर अब छह शहरों से जुड़ गया है। इनमें दिल्ली, हैदराबाद, इंदौर, मुंबई, बैंगलोर और अयोध्या शामिल है। अब ग्वालियर में 33 साप्ताहिक उड़ानें उपलब्ध हैं। उन्होंने एयर इंडिया एक्सप्रेस का धन्यवाद अदा किया।
यह फ्लाइट शुरू हुई है ग्वालियर से
बेंगलुरू से ग्वालियर की फ्लाइट सुबह साढ़े पांच बजे रवाना होगी और आठ बजकर पांच मिनट पर ग्वालियर पहुंचेगी। इसी तरह दोपहर तीन बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और छह बजकर 10 मिनट पर बेंगलुरू पहुंचेगी। यात्रा अवधि दो घंटा 35 मिनट की रहेगी। ग्वालियर की दिल्ली की फ्लाइट सुबह आठ बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और नौ बजकर 40 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। सुबह सवा दस बजे दिल्ली से निकलकर 11 बजकर 35 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। इसी तरह फ्लाइट अयोध्या से 12 बजकर पांच मिनट पर रवाना होगी और एक बजकर 25 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से दो बजे फ्लाइट रवाना होगी और तीन बजकर पांच मिनट पर ग्वालियर पहुंचेगी।