मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मात्र 12 मिनट के शपथ ग्रहण समारोह में नौ दिन के इंतजार के बाद नए सीएम को प्रदेश की बागडोर सौंप दी गई। सीएम के साथ ही दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शपथ दिलाई। पुलिस बैंड के राष्ट्रगान की धुन के साथ आरंभ हुए शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया। समारोह में देश के प्रमुख साधु संत भी सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आए बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिवादन किया। कार्यक्रम का समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हुआ। मंच पर एक तरफ साधु संत और दूसरी तरफ दिग्गज नेता और बीच में प्रधानमंत्री, राज्यपाल और नवनियुक्त सीएम डॉ. मोहन यादव बैठे। शपथ लेने के बाद सीएम मोहन यादव ने कहा कि सब को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।
कार्यक्रम में मोदी और मामा के नारे
सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में पहुंचने पर मोदी-मोदी के नारे लगे। इसके पहले शिवराज सिंह चौहान के आने पर मामा-मामा के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।
ये नेता हुए शामिल
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के सीएम के. संगमा, महराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार एवं नागालैंड के उप मुख्यमंत्री वाय पैटन शामिल हुए। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव कुमार, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पीएम ने सीएस को किया इशारा माइक बंद है
सीएम के शपथ ग्रहण समारोह की कार्रवाई शुरू करने पर मुख्य सचिव वीरा राणा ने राज्यपाल की अनुमति के लिए भाषण शुरू किया। उन्होंने बंद माइक में ही संबोधन शुरू किया। इस पर पीएम ने उनकी तरफ माइक बंद होने का इशारा किया। इसके बाद उन्होंने अपना माइक शुरू किया।
पीएम राजभवन में सवा घंटे रूके
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजभवन पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने राजभवन में राज्यपाल से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।