सार
भोपाल के सुखीसेवनिया चौराहे पर 28 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी। विधायक रामेश्वर शर्मा के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस परियोजना को मंजूरी दी है।
राजधानी के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के सुखीसेवनिया चौराहे पर अब जाम की समस्या से राहत मिलने जा रही है। यहां 28 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर से भोपाल बायपास होकर विदिशा, इंदौर, नर्मदापुरम और रायसेन रोड से आने-जाने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन सोमवार किया जाएगा। कार्यक्रम में भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप मुख्य अतिथि होंगे, जबकि हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।