कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के चार इमली स्थित बंगले पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बागसेवनिया के हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने अरेरा कॉलोनी के एक घर और अन्य स्थानों पर चोरी की चार वारदातें भी कबूल की हैं। उनके पास से करीब दो लाख रुपए का माल बरामद किया गया है।
हबीबगंज थाना प्रभारी अशोक सोनी ने बताया कि रविशंकर नगर में रहने वाले आशीष बुंदेला ने एक शिकायती आवेदन देकर बताया था कि वे चार इमली स्थित बंगले के स्टाफ में है। यह बंगला विधायक जयवर्धन सिंह का है, वे यहां पर कभी-कभार आते है। बाकी समय स्टाफ ही देखरेख करता है। गत 12 अगस्त की रात वे बंगले में ताला डालकर अपने घर चले गए थे, अगले दिन जब पहुंचे तो बंगले के एक कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे के भीतर रखा ब्रीफकेस गायब था। इसमें 15 हजार रुपए थे। बुंदेला की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया था।
अन्य घरों में भी घुसे थे चोर
बदमाशों ने 10 11 अगस्त के बीच फरियादी अमृत कुमार बेगवानी निवासी म.नं. ई-2/342 अरेरा कॉलोनी के घर पर भी धावा बोला था। बदमाश यहां से एचपी कंपनी के लैपटॉप सहित जेवरात और नगद रुपये चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा अन्य थानाक्षेत्र में भी चोरी की वारदात हुई थीं।
कैमरों के फुटेज और मोबाइल लोकेशन से बदमाशों तक पहुंची पुलिस
चोरी की घटनाओं के मामले में पतारसी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई। इस टीम ने दक्षता पूर्वक अनुसंधान करते हुए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे। फुटेज से बदमाशों की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर हासिल कर उसे सर्विलांश पर लगाया तो बदमाशों की लोकेशन भी मिल गई। इसके बाद पुलिस ने संदेही अंकित गुजरे के द्वारा उसके दो साथियों दीपक मण्डल व विजय डिंडोरिया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अरेरा कॉलोनी और चार इमली में उपरोक्त दोनों घटनाओं की वारदात सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन वारदात करना कबूल किया है। अंकित गुजरे (23) बागमुगालिया में रहता है और बागसेवनिया थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पूर्व में भी करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम दे चुका है।