जबलपुर में भूपेंद्र यादव के गनमैन से धक्कामुक्की हुई तो उसने पिस्टल निकालने की कोशिश की।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस में असंतोष बढ़ता जा रहा है। निशाने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। भाजपा में टिकट नहीं मिलने वाले नेता प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से नाराज हैं। उनके खिलाफ नारेबाजी और बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में उनकी पत्नी डॉ. स्तुति मिश्रा का एक ट्वीट चर्चा में आ गया है।
डॉ. स्तुति मिश्रा ने सोशल नेटवर्किंग साइट X पर पोस्ट किया, "जिनकी लॉटरी नहीं लगती, उनसे निवेदन है कि भाग्य और प्रारब्ध से बड़ा कुछ भी नहीं और थोड़ा समय दें और ये देखें कि जिनकी लॉटरी लगी है तो वो कितने दिन की लगी है। आपका परमात्मा पर विश्वास ही आपकी ताक़त है। धैर्य रखें। समय बलवान है। #time #lifelessons जय महाकाल, जय भद्रकाली।" मिश्रा के इस पोस्ट को बीजेपी में चल रही कलह से जोड़कर देखा जा रहा है।
जबलपुर में हुआ था विवाद
भाजपा में प्रत्याशियों की सूची सामने आने के बाद जमकर घमासान मचा हुआ है। जबलपुर में शनिवार को टिकट पर खासा विवाद हुआ। नाराज कार्यकर्ताओं ने एमपी भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को घेर लिया था। वे अभिलाष पांडे को टिकट देने का विरोध कर रहे थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ भी खुलकर नारेबाजी की गई थी। डॉ. मिश्रा भी जबलपुर की रहने वाली हैं। ऐसे में उनके ट्वीट को भाजपा के अंदरुनी घमासान से जोड़कर देखा जा रहा है।
पहले भी चर्चा में रहीं सोशल मीडिया पोस्ट
ये कोई पहला मौका नहीं जब डॉ मिश्रा के सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा हो रही हो। इसके पहले भी उनके पोस्ट पर विवाद की स्थिति बन चुकी है। इसके बाद उन्हें अपना पोस्ट डिलीट करना पड़ा था। भले ही डॉ. मिश्रा राजनीति से दूर हैं, लेकिन वीडी शर्मा की पत्नी होने के नाते उनके ट्वीट के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।