मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि इस बार पोस्टल बैलेट के परिणाम अंत तक नहीं रोक जाएंगे बल्कि इनकी काउंटिंग पूरी होते ही इनके परिणाम बता दिए जाएंगे। राजन ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मतगणना की तैयारियों को लेकर पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पहले पोस्टल की गिनती होगी। 8 बजे से ईवीएम की गिनती शुरू हो जाएगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होते ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। प्रत्येक राउंड की गणना के बाद इसकी जानकारी प्रत्याशी या उसके एजेंट को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि हर मशीन में ये किस कैंडिडेट को कितने वोट मिले हैं यह भी पोलिंग एजेंट को बताया जाएगा। स्ट्रांग रूम से मतगणना हाल तक मशीन पहुंचने के लिए विधानसभा क्षेत्र बार अलग-अलग रास्ते और व्यवस्था निश्चित की गई है जिसका सीसीटीवी कवरेज किया जाएगा। सर्विस वोटर कल रात 8 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
बढ़ाई गईं टेबल की संख्या
अनुपम राजन ने बताया कि सभी विधानसभाओं के लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं। सामान्यतः 14 टेबल एक विधानसभा के लिए लगाए जाते हैं, लेकिन कुछ विधानसभा ऐसी हैं जहां मतदान केंद्रों की संख्या बहुत ज़्यादा है। इसको देखते हुए कई विधानसभा क्षेत्र में 14 से ज्यादा टेबल केन्द्रीय चुनाव आयोग से अनुमति लेकर लगाए गए हैं। ताकि परिणाम जल्दी आ सकें।
पांच से 10 घंटे के बीच में नतीजे आने की उम्मीद है।
ये रहेंगे प्रतिबंधित
- काउंटिंग की लाइव वेब स्ट्रीमिंग नहीं होगी।
- मतगणना कक्ष में मोबाइल प्रतिबंध रहेगा।
- फोटो खींचना और वीडियो बनाना भी प्रतिबंधित रहेगा। केकुलेटर पर प्रतिबंध लगाया गया है।
- बिना पास के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ऐसे लगाई ड्यूटी
राजन ने बताया कि तीन तारीख तक सुबह पांच बजे तक किसी को भी पता नहीं रहेगा कि वो किस टेबल पर काउंटिंग करेगा।
मतगणना कर्मियों का रेंडमाइजेशन 3 स्तर पर किया गया है। इसके साथ ही हर विधानसभा के लिए एक ऑब्जर्बर है जो जिलों में पहुंच चुके हैं।
ये नहीं बन सकेंगे एजेंट
राजन ने बताया कि कोई भी ऐसा व्यक्ति, जिसको केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है, साथ ही केंद्र और राज्य के मंत्री, वर्तमान सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिक निगम के अध्यक्ष, केंद्र तथा राज्य सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष एवं सदस्य, शासकीय प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्य, आंगनवाड़ी कर्मचारी, शासकीय पैरामेडिकल स्टाफ, शासकीय संस्था अथवा शासकीय अनुदान प्राप्त संस्था से मानदेय प्राप्त कर रहे या किसी शासकीय संस्था में अंशकालिक सेवाएं दे रहे व्यक्ति, शासकीय उचित मूल्य दुकानों के डीलर्स और शासकीय सेवक मतगणना के लिए किसी भी अभ्यर्थी के एजेंट निुयक्त नहीं किए जा सकेंगे।
ऐसे देखें परिणाम
आमजन परिणाम देख सकें इसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि हमने काउंटिंग परिसर में मीडिया के लिए भी अलग व्यवस्था की है, जहां से वह परिणाम की जानकारी अपने न्यूज़ चैनल और अन्य संचार माध्यमों से जनता तक पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही अन्य कई सार्वजनिक स्थानों पर भी स्क्रीन लगाई जाएगी ताकि आमजन परिणाम देख सकें साथ ही चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी लाइव परिणाम देखे जा सकते हैं।
फैक्ट फाइल
| ईवीएम की गणना के लिए टेबल |
4369 |
| पोस्टल बैलेट की गणना के लिए टेबल |
692 |
| सबसे अधिक राउंड झाबुआ में |
26 |
| सबसे कम राउंड सेवड़ा में |
12 |
| प्रति विधानसभा एवरेज टेबल |
15 |
ईवीएम की टेबल पर ये रहेंगे मौजूद
ईवीएम की मतगणना टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर एक काउंटिंग असिस्टेंट और अकाउंटिंग स्टाफ साथी एक माइक्रो आब्जर्वर रहेगा इसी प्रकार पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निग ऑफिसर एक काउंटिंग सुपरवाइजर दो काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो आब्जर्वर रहेगा। इनके साथ ही अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी मौजूद रहेंगे।