मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले पूर्व विधायक आरिफ अकील के परिवार का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में अकील के बेटे और भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आतिफ और माजिद आपस में मारपीट करते दिख रहे हैं। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यह वीडियो कुछ साल पुराना बताया जा रहा है।
खुद आरिफ अकील भी वीडियो में बेटों के इस विवाद में बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। इसमें कुछ महिलाएं भी हैं। बताया जा रहा है कि आरिफ अकील की विरासत को कौन आगे बढ़ाएगा, इस बात को लेकर लंबे समय से विवाद था। कांग्रेस ने आरिफ के बेटे आतिफ को प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को राहुल गांधी ने आतिफ के लिए वोट मांगे और जबरदस्त रोड शो भी किया था। इसके ठीक बाद वायरल किए गए वीडियो के पीछे आतिफ के विरोधियों का हाथ देखा जा रहा है। आरिफ अकील के भाई आमिर अकील भी पार्टी के चुनाव चिह्न पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे। जब पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया तो उन्होंने निर्दलीय के तौर पर नामांकन दाखिल कर भतीजे की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वीडियो सामने आने के पीछे उनका हाथ होने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुराना है वीडियो
पूर्व विधायक आरिफ अकील इस समय बीमार हैं। व्हील चेयर पर ही रहते हैं। वायरल हुए वीडियो में वह भी बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। इस आधार पर कहा जा रहा है कि वीडियो पुराना है। आतिफ के समर्थक इस वीडियो के छह साल पुराना होने की बात कह रहे हैं। साथ ही यह भी कह रहे हैं कि आपसी विवाद हुआ था, जिसे मिल-बैठकर सुलझा लिया गया था।