मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल की हुजूर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा के समर्थन में विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और कमलनाथ पर हमलावर होते हुए कहा कि कमलनाथ को जिस प्रदेश ने मुख्यमंत्री और सांसद बनाया, उसी प्रदेश को वे बदनाम करते हैं। वे कहते हैं यह बेईमानों का प्रदेश है, यह चौपट प्रदेश है। कहते हैं यह भ्रष्टाचारियों का प्रदेश है। पहले कहते थे भारत महान नहीं बदनाम है। क्या यही कांग्रेस की सोच है..? उन्होंने कहा कि कमलनाथ आपको शर्म आना चाहिए, जिस मध्यप्रदेश की माटी ने आपको सब कुछ दिया, उस प्रदेश को बदनाम करने का पाप आप कर रहे हो।
भ्रष्टाचार और बंटाढार का चेहरा हैं कमलनाथ-दिग्विजय
चौहान ने कांग्रेस को कठघरे में लेते हुए कहा कि मधप्रदेश में अगर भ्रष्टाचार का कोई चेहरा है तो वह चेहरा कमलनाथ जी का है। सवा साल के कार्यकाल में उन्होंने भृष्टाचार का रिकॉर्ड बनाया है तो वहीं मध्यप्रदेश में बंटाढार का कोई चेहरा है तो वह दिग्विजय सिंह का चेहरा है। मध्यप्रदेश की जनता ये बहुत अच्छे से जानती है।
कांग्रेसी आतंकियों की मौत पर आंसू बहाते हैं
चौहान ने कहा कि ये कांग्रेस और कांग्रेस के नेता पीएफआई का समर्थन करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह आतंकवादियों पर कार्रवाई करते हैं। यह आतंकवादियों के मौत पर आंसू बहाते हैं, ओसामा को यह जी कहते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएफआई आतंकवादी संगठन है जिस पर बैन लगा है। उसके खिलाफ कार्रवाई हुई तो दिग्विजय सिंह आंसू बहा रहे हैं। कहते हैं यह कार्रवाई गलत हो रही है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जो आतंकवादियों का समर्थन करे, ऐसी पार्टी को किसी का समर्थन करना चाहिए क्या..?
हर गरीब को अपनी जमीन का मालिक बनाऊंगा
चौहान ने कहा कि ये मामा का वचन है, मैं मध्यप्रदेश की धरती पर किसी को बगैर जमीन–मकान के नहीं रहने दूंगा। हर गरीब को रहने की जमीन का मालिक बनाऊंगा। हमने मुख्यमंत्री भू-आवासीय जमीन योजना बनाई है। हम सबको सरकारी जमीन रहने के लिए देंगे। सरकारी नहीं होगी तो खरीदकर दी जाएगी।
हम गरीबों की जिंदगियां बना रहे हैं
उन्होंने कहा मेरे बहनों भाइयों हम सरकार नहीं, परिवार चलाते हैं। मैंने हमेशा एक परिवार की तरह सरकार चलाई है। उन्होंने कहा हम उजाड़ने के लिए नहीं बसाने के लिए हैं। हुजूर विधानसभा क्षेत्र में गरीबों को पट्टे दे दिए गए हैं, उन्हें तोड़ने की बात आई है, मेरे बहनों भाइयों ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार के रहते हुए कोई आपको अपनी जमीन से नहीं हटा सकता।
भगवान का वरदान हैं मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं, उन्होंने गरीबों को आवास देने के लिए पीएम आवास योजना बनाई। लेकिन जिनके नाम पीएम आवास योजना में नहीं आ पाए किसी कारण से छूट गए तो वे चिंता ने करें, उनके लिए हमने सीएम लाडली बहना आवास योजना बनाई है, जिससे हर गरीब बहन को रहने का आवास मिल सकेगा।
बहनों को हर महीने मिलेंगे 3000
चौहान ने कहा कि हमने लाडली बहन योजना बना दी। हर महीने साढ़े 1200 बहनों के खाते में दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपका भाई यहीं नहीं रुकने वाला इस राशि को बढ़ाकर 1500 फिर 1700 और धीरे धीरे 3 हजार तक कर देगा। जिससे मेरी बहनों के जीवन में बदलाव आए।
प्रियंका गांधी जवाब दें
कांग्रेस ने क्या दिया मेरी बहनों। आज आईं थीं मैडम प्रियंका गांधी। मैंने बैगा-भारिया बहनों को 1000 रुपया महीना दिया था, कमलनाथ दादा ने वो छीन लिया था, बंद कर दिया था। प्रियंका गांधी को जवाब देना चाहिए ।