अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी कल गुरुवार को मंडला आ रही हैं। वे कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी साथ रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियंका गांधी एवं कमलनाथ 12 अक्टूबर को दिल्ली से विशेष विमान से पूर्वान्ह 11 बजे जबलपुर पहुंचेंगे। नेताद्वय हेलीकॉप्टर द्वारा 11.15 बजे जबलपुर से प्रस्थान कर 11.45 बजे मंडला पहुचेंगे। वहां दोपहर 12 बजे कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रियंका एवं कमलनाथ दोपहर 1.15 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला से रवाना होकर दोपहर 1.45 बजे जबलपुर पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी जबलपुर से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
एमपी पर फोकस
बहन-भाई की इस जोड़ी का पूरा फोकस इस समय एमपी पर है। दोनों लगातार मध्यप्रदेश के अलग अलग भागों में पहुंचकर वोट बैंक बना रहे हैं। प्रियंका के मंडला दौरे से एक दिन पहले ही राहुल गांधी शहडोल में दौरा करके जा चुके हैं। इसके पहले प्रियंका धार के मोहनखेड़ा में तो राहुल गांधी शाजापुर के कालापीपल में जनसभा कर मालवा में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा चुके हैं। इसके साथ ही प्रियंका जबलपुर और ग्वालियर में भी दौरा कर चुकी हैं।
प्रियंका मंडला में जनसभा से पहले चौगान की मढ़िया में दर्शन करेंगी। इसके बाद शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। फिर नर्मदा पूजन के बाद वे आम सभा को संबोधित करेंगी। गौरतलब है कि महाकौशल में 38 सीट हैं। 2018 के रिजल्ट के अनुसार इनमें 24 कांग्रेस के पास हैं जबकि 13 बीजेपी और एक निर्दलीय। 2013 के चुनाव में परिणाम इसके ठीक उलट था। बीजेपी 24, कांग्रेस 13 और 1 पर निर्दलीय था।