सीएम मोहन यादव ने की राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती इस बार प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात के दौरान इन आयोजनों की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि एक नवंबर को मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष को प्रदेश सरकार ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थापना दिवस के आयोजनों में किसानों के हित और उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं को शामिल करने की योजना है।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री मोहन यादव आज करेंगे राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन अभ्युदय-2026 का उद्घाटन
जनजातीय गौरव के रूप में मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी बड़े स्तर पर मनाई जाएगी। मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदाय की बड़ी आबादी को देखते हुए इस अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खास तौर पर जनजातीय क्षेत्रों में उत्साह और भागीदारी के साथ जयंती मनाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में देशभर की भागीदारी भी रहेगी।
ये भी पढ़ें-
एमपी: सीएम यादव बोले- प्रदेश में तीन साल में दोगुना से ज्यादा होगा मछली उत्पादन, 50 हजार रोजगार का लक्ष्य
आगामी कार्यक्रमों पर भी हुई चर्चा
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने आने वाले वर्ष में प्रस्तावित कार्यक्रमों और सरकार की विभिन्न पहलों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्यपाल ने योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया और सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती के आयोजनों को किसान कल्याण तथा जनजातीय गौरव से जोड़कर मनाने की तैयारी को सरकार के आगामी कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।