इंदौर में विजयवर्गीय और सिलावट आमने सामने
इंदौर शहर और इंदौर ग्रामीण के जिला अध्यक्षों के नाम का एलान भी अभी बाकी है। यहां दो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट अपने समर्थक चाहते हैं। दोनों मंत्रियों ने इसे प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। मंत्री विजयवर्गीय उनके खास समर्थक चिंटू वर्मा को रिपीट कराना चाहते हैं। वे वर्तमान में जिलाध्यक्ष भी हैं। तुलसी सिलावट कलोता समाज के अंतरदयाल को अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। उनके नाम पर विधायक उषा ठाकुर और मनोज पटेल भी राजी हैं। अंतरदयाल का नाम केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी आगे बढ़ाया है। उधर, इंदौर में वर्तमान अध्यक्ष गौरव रणदिवे फिर अध्यक्ष बनने के लिए भोपाल तक जोर लगा रहे हैं। मंत्री विजयवर्गीय ने दीपक जैन टीनू का नाम आगे बढ़ाया है। उनकी दूसरी पसंद सुमित मिश्रा है, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से भाजपा का काम कर रहे मुकेश राजावत को संगठन के कुछ नेता नगर अध्यक्ष की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। ऐसे में प्रदेश में सबसे ज्यादा घमासान इंदौर के दो पदों पर ही मचा है।
सांसद और मुख्यमंत्री अपने-अपने को पद दिलाने में लगे
छिंदवाड़ा का जिला अध्यक्ष कौन होगा यह सवाल सियासी गलियारों में लगातार घूम रहा है? राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों की जुबान पर शेष राव यादव और टीकाराम चंद्रवंशी का नाम है। माना जा रहा है कि इन दो नामों में से किसी एक पर पार्टी की मोहर लगेगी। लोकसभा चुनाव में कार्यवाहक जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए शेष राव यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समर्थन से अपनी कुर्सी बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, लोकसभा चुनाव में नकुलनाथ को हराकर पहली बार सांसद बने विवेक बंटी साहू टीकाराम चंद्रवंशी को जिला अध्यक्ष बनाने का प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि सीएम और सांसद के बीच फंसे पेंच के कारण नाम के एलान में देरी हो रही है।
सीएम ने नाम बढ़ाया, मंथन जारी
करीब छह साल पहले मप्र के नक्शे पर जिला बनकर उभरे निवाड़ी को भी अब तक भाजपा का जिला अध्यक्ष नहीं मिला है। संगठन में पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुनील नायक के भाई गणेशी लाल नायक के नाम पर सहमति बनती नजर आई थी। लेकिन, सीएम डॉ. मोहन यादव की ओर से पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव का नाम आगे बढ़ा दिया गया। इसके अलावा जिला महामंत्री रोहिन राय और पूर्व मंडल अध्यक्ष आकाश अग्रवाल का नाम भी इस दौड़ में शामिल है। ऐसे में संगठन नामों पर मंथन कर रहा है, जिला अध्यक्ष की कुर्सी किसे मिलेगी, यह अब तक साफ नहीं है।
दो दिग्गज मंत्रियों के बीच उलझा नाम
नरसिंहपुर जिला अध्यक्ष को लेकर तिकड़ी फंसी हुई नजर आ रही है। पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के छोटे भाई जालम सिंह पटेल का नाम जिला अध्यक्ष पद के लिए सामने आया था, लेकिन बाद में पटेल खेमे की ओर से महिला नेत्री बीना ओसवाल का नाम आगे कर दिया गया। वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह राजीव सिंह पटेल को अध्यक्ष बनाने के लिए दम लगा रहे हैं। ऐसे में जिला अध्यक्ष का नाम दो दिग्गज मंत्रियों के बीच फंसा नजर आ रहा है।
वीडी शर्मा की विदाई, नए नाम का होना है एलान
यह माना जा रहा है कि प्रदेश के 62 जिला अध्यक्षों के नाम के एलान के बाद प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की घंटी बजेगी। वीडी शर्मा के बाद भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल एक बार बढ़ाया जा चुका है। ऐसे में इसकी संभावना काफी कम है कि उनका कार्यकाल फिर बढ़ाया जाए। लेकिन, फिलहाल भाजपा जिला अध्यक्षों के एलान पर ही फंसी है, जिसका असर प्रदेश अध्यक्ष के एलान पर भी पड़ रहा है।