भोपाल में 15 जनवरी को होने वाली आर्मी डे परेड को भव्य रूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में करीब 45 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। इनके बैठने, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और आवाजाही के इंतजाम किए जा रहे हैं। परेड से पहले 1 दिसंबर से रिहर्सल शुरू होगी। इसके चलते आयोजन स्थल के आसपास यातायात में बदलाव किया जा सकता है। प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग तैयार करने और उनकी जानकारी पहले से आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। आर्मी डे के मुख्य आयोजन के साथ भोपाल में शौर्य संस्कृति कार्यक्रम और एयर शो भी होगा। टीटी नगर स्टेडियम में शौर्य संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि अपर लेक में एयर शो की तैयारी है। इन आयोजनों के जरिए सेना के शौर्य के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को भी प्रदर्शित करने की योजना है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: भोपाल में तीन नवंबर को हुंकार भरेगी भाजपा, एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य, QR कोड से होगा रजिस्ट्रेशन
कालीबाड़ी मार्ग पर काम पूरा करने की समय-सीमा तय
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बुधवार को मंत्रालय में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बीएचईएल क्षेत्र में कालीबाड़ी मार्ग के पुनरुद्धार और रिसर्फेसिंग के साथ विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग ने ये सभी काम 1 दिसंबर तक पूरे करने का भरोसा दिया है। इसी समय से मुख्य आयोजन स्थल पर रिहर्सल भी शुरू होनी है, इसलिए सड़क और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम समय पर पूरा करना अहम होगा।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: भोपाल-इंदौर मेट्रो में शुक्रवार से टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा, 30 सेकंड में मिलेगा टिकट
45 हजार दर्शकों के लिए बैठने से लेकर सुरक्षा तक इंतजाम
मुख्य आयोजन में अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में दर्शक शामिल होंगे। करीब 45 हजार लोगों के लिए बैठक व्यवस्था बनाने की योजना है। पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने अतिथियों के आने-जाने, उनके लिए आरक्षित स्थानों, प्रवेश और निकास व्यवस्था की भी समीक्षा की। पुलिस आयुक्त और ट्रैफिक पुलिस को तीनों कार्यक्रमों के लिए यातायात, पार्किंग और सुरक्षा की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: विधानसभा का अगला सत्र होगा पेपरलेस, ई-विधान से जनसमस्याओं के समाधान में आएगी तेजी
रिहर्सल के दौरान बदले जा सकते हैं यातायात मार्ग
1 दिसंबर से शुरू होने वाली रिहर्सल के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इन मार्गों का सुधार किया जाए और जरूरत के अनुसार संकेतक लगाए जाएं। वैकल्पिक रास्तों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है, ताकि लोगों को पहले से पता रहे कि किस मार्ग से आवाजाही करनी है।
ये भी पढें-
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद कार्यक्रम 2026, सीएम बोले-युवाओं के भरोसे भारत का लोकतंत्र सुरक्षित
एयर शो को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी
अपर लेक में प्रस्तावित एयर शो को व्यापक स्वरूप देने के लिए सेना के अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, टीटी नगर स्टेडियम में होने वाले शौर्य संस्कृति कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मध्यप्रदेश की उपलब्धियों के साथ सिंहस्थ और सांची, खजुराहो, भीमबेटका तथा ओरछा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करने की योजना है। बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ला, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर भोपाल ने अब तक की तैयारियों और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी।