भीम आर्मी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में 115 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। 80 नामों की पहली सूची भी जारी कर दी गई है। भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने भोपाल में शनिवार को विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की बात कही। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी (ASP) के बैनर तले मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ेगी। उनकी पार्टी दलित आदिवासी और पिछड़े लोगों की आवाज उठाने के लिए 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी। आजाद समाज पार्टी (ASP) 115 विधान सभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।
‘कांग्रेस-बीजेपी ने हमारे हितों की रक्षा नहीं की’
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी हो या कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने हमारे हितों की रक्षा नहीं की है। हमारे लिए काम नहीं किया है। इसीलिए अब हम खुद चुनाव में जनता के बीच जा रहे हैं। आजाद ने दावा किया कि इस चुनाव में कांग्रेस-बीजेपी दोनों ही पार्टियों में ज्यादा अंतर नहीं रहेगा। हम सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
दल बदल के बाद पार्टी में शामिल हुए कई नेता-कार्यकर्ता
आजाद ने बताया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता आजाद समाज पार्टी से प्राभावित होकर ASP में शामिल हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष तस्दीक अहमद गिब्बी, प्रवक्ता शमशुल हसन, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मध्यप्रदेश मोहम्मद शकील, जिला अध्यक्ष कटनी मोहम्मद जावेद, महासचिव अल्पसंख्यक मोर्चा मध्य प्रदेश मोहम्मद जाहिद समेत अन्य समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली है। ये सभी लोग मिलकर इस चुनाव में दलित आदिवासी और पिछड़े लोगों की आवाज उठाएंगे और जीत हासिल करेंगे।