मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आने वाले दो साल अहम होने वाले हैं। प्रदेश में अगले दो वर्षों में 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। इनके शुरू होने और मौजूदा मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने से एमबीबीएस की कुल सीटें 6050 से बढ़कर 18,050 हो जाएंगी। यानी प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए 12 हजार से अधिक अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल पर बन रहे मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा में इनका संचालन शुरू कराने को कहा। वहीं, मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए तत्काल नई निविदाएं जारी करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें-
भोपाल: एसबीआई लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन के जेवर गायब, साबुत मिला ताला; दुबई से बेटी आई तो हुआ खुलासा
11 जिलों में नए सिरे से शुरू होगी प्रक्रिया
प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की योजना के तहत 11 जिलों में पीपीपी मॉडल पर नए कॉलेज स्थापित किए जाने हैं। इनके लिए पहले जारी प्रक्रिया के बाद अब नए सिरे से निविदाएं जारी की जाएंगी। इसके अलावा एक नया निजी मेडिकल कॉलेज भी प्रस्तावित है। सरकार का लक्ष्य इन सभी 22 नए मेडिकल कॉलेजों को आगामी दो वर्षों में संचालित करना है।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: साइबर हमले की आशंका के बीच राज्य में बाईस सरकारी वेबसाइटें बंद, अलर्ट के बाद उठाया कदम
छह सरकारी कॉलेजों का काम भी अंतिम चरण में
प्रदेश में पहले से 20 सरकारी और 14 निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें कुल 6050 एमबीबीएस सीटें हैं। इसके अलावा छह नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों पर काम चल रहा है। छतरपुर, दमोह और बुधनी में भवन निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में निर्माण कार्य जारी है। वहीं, बैतूल, कटनी, धार और पन्ना के मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए अनुबंध भी हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश में सांची दूध भी हुआ महंगा: प्रति लीटर चार रुपये तक बढ़े दाम, जानें अब कितनी कीमत चुकानी होगी
56 मेडिकल कॉलेजों का होगा नेटवर्क
सरकार की योजना के मुताबिक नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों में सीटें बढ़ाने के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 56 और एमबीबीएस सीटें 18,050 हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध तरीके से काम करने और सीटों में वृद्धि की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।