कोलार इलाके के एक निजी अस्प्ताल में भर्ती अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। एक महीने पहले वह मकान में गिरने के कारण घायल हुआ था। उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल वह उक्त अस्पताल में भर्ती था। परिजनों का कहना है कि अधेड़ ने सैनेटाइजर पी लिया जिसके कारण मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में ही उसकी मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
कोलार थाने के एएसआई रूपेश नर्रे ने बताया कि 52 वर्षीय सुब्रमण्यम करोंद इलाके में रहते थे तथा निजी काम करते थे। करीब एक महीने पहले वे निर्माणाधीन मकान में गिर गए थे। तब से ही उनका इलाज चल रहा था। पिछले दिनों वे कोलारा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। यहां पर गत दिवस उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस को बताया गया है कि गिरने के कारण आई चोटों के कारण उनकी मौत हुई है जबकि परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान ही सुब्रमण्यम ने सैनेटाइजर पी लिया था। जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
ये भी पढ़ें-
डॉ. रोहिणी का दावा, 'बसपा सुप्रीमो बनना चाहता था चंद्रशेखर रावण'
इधर अयोध्या नगर इलाके में निर्माणाधीन मल्टी से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आयोध्या नगर फेस-5 में निर्माणाधीन बिल्डिंग से मजदूर के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि उसे भानपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है। मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड में उसका नाम जितेंद्र उर्फ राजवीर विश्वकर्मा (37) साल लिखा हुआ था। साथ ही पता बीना का डला हुआ था। पुलिस ने ठेकेदार को पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने बताया कि कि मजदूर उनके पास अभी हाल ही में काम करने आया था। वे उसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं।