भोपाल के पास ओबेदुल्लागंज में रविवार रात एक बाघ सड़क पार करता नजर आया। टोल बैरियर रोड के पास से गुजर रहे वाहन चालकों ने बाघ का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने सोमवार को उसकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। वन विभाग की टीम ने बाघ को खोजने के लिए ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद ली। हालांकि, सोमवार देर शाम तक बाघ का पता नहीं चल सका। अधिकारियों को मौके पर बाघ के पगमार्क जरूर मिले हैं।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश का जलवा, टॉप-4 में इंदौर, जबलपुर और भोपाल
पगमार्क से इंडस्ट्री एरिया की ओर जाने के संकेत
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बाघ के अंतिम पगमार्क से उसके संकेत मिले हैं। इसके बाद टीम ने संबंधित इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ की तलाश के लिए वन विभाग की टीम लगातार काम कर रही है। अभी तक सिर्फ उसके पगमार्क इंडस्ट्री एरिया की तरफ जाते मिले हैं। ड्रोन के साथ डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है, लेकिन बाघ को अभी तक लोकेट नहीं किया जा सका है। बाघ का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह सड़क पार करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद वह वापस मुड़ता है और सड़क किनारे की ओर चला जाता है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के इलाकों में बाघ की मौजूदगी को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें-
सागर शराब कांड: जहरीली शराब कांड पर सरकार सख्त, डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा- दोषियों को नहीं मिलेगी कोई रियायत
गांवों के पास बाघ की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
ओबेदुल्लागंज रोड के आसपास कई गांव और मानव बस्तियां हैं। इसके अलावा क्षेत्र में उद्योग भी मौजूद हैं। ऐसे में बाघ के आबादी वाले इलाके के करीब पहुंचने पर लोगों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी वन विभाग सतर्क है। वन विभाग की टीमें लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। फिलहाल पगमार्क के आधार पर उसकी दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि बाघ रातापानी टाइगर रिजर्व की ओर से इस इलाके में आया हो सकता है।