मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लगाए पौधे
- फोटो : ANI
आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को विकास की ‘नई ऊंचाइयों’ पर ले जाने के लिए उनकी प्रशंसा की। इसके अलावा अपने 62वें जन्मदिन पर शिवराज सिंह चौहान पौधे लगा रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी के साथ अपने आवास पर पौधे लगाए। पौधे लगाने के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने सामाजिक अभियान को जारी रखने के लिए वो हर दिन एक पौधा लगाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरी लोगों से अपील है कि वो पर्यावरण को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि भाजपा के ऊर्जावान नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की अशेष शुभकामनाएं। उन्होंने अपने नेतृत्व में राज्य को विकास की नई ऊंचाइयां दी हैं। मैं उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।
शिवराज सिंह चौहान 2005 से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन वर्ष 2018 के राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद वह 15 महीने सत्ता से दूर रहे। हालांकि कांग्रेस विधायकों के दलबदल के बाद वह फिर से मुख्यमंत्री बने और बाद में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण खाली सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पार्टी ने जीत दर्ज की।