मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के एक सरकारी स्कूल में एक शिक्षक व दो कर्मचारियों को शराब पीना भारी पड़ा। राज्य सरकार ने तीनों को निलंबित कर दिया है। इनका स्कूल में शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
यह मामला सिवनी जिले के आदिवासी विकासखंड लखनादौन के शासकीय उच्च माध्यमिक स्कूल गणेशगंज का है। इस स्कूल के शिक्षक व कर्मचारियों के शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सिवनी जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त एस एस मरकाम ने रविवार को बताया कि मामले पर संज्ञान लेते हुए स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक सुनील तिवारी, लिपिक विनोद हर्षल तथा चौकीदार शिवकुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राचार्य को दिया गया नोटिस
मरकाम ने बताया कि इस संबंध में इस स्कूल के प्राचार्य पी के गजभिये को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।