मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 10 ऑक्सीजन प्लांट उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम राज्य भर में 190 ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित कर रहे हैं। 65 संयंत्रों ने काम करना शुरू कर दिया है और बाकी 30 सितंबर तक चालू हो जाएंगे।
इसके अलावा सीएम चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए अभी से तैयारियां कर रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार की कोशिश है कि संकट के समय जनता परेशान ना हो।
25 व 26 अगस्त से चलेगा महा वैक्सीनेशन अभियान
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दोपहर को कई जिले के कलेक्टरों, कमिश्नर और क्राईसिस मैनेजमेंट ग्रुप से वीडियो कांन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा की। 25 व 26 अगस्त को प्रदेशभर में महा वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चलाया जाएगा। सीएम ने अधिकारियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान जिले के कोविड प्रभारी अधिकारी और टास्क फोर्स के अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि विभिन्न धर्मगुरू और समाजसेवी भी इस अभियान से जुड़ जायें तो अच्छी सफलता मिलेगी। प्रदेश में जन जागरण से सितम्बर माह तक प्रथम डोज के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है।
इंदौर में 95 तो भोपाल में 85 फीसदी लोगों ने लगवाया टीका
इंदौर शहर वेक्सिनेशन में प्रदेश में प्रथम है। यहां 95 फीसदी लोग पहली खुराक और 27 फीसदी लोग दूसरी खुराक लगवा चुके हैं। शहरी क्षेत्र में वेक्सिनेशन कार्य अच्छा हुआ है। भोपाल शहर में पहली खुराक 85 फीसदी लोग और दूसरी खुराक 25 फीसदी लोग लगवा चुके हैं।