भोपाल। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भोपाल में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के सुपरिंटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भोपाल और कानपुर स्थित उनके घरों की तलाशी ली। इस दौरान 72.5 लाख रुपये नकद और महंगी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। सीबीआई के अनुसार, सुपरिंटेंडेंट पर एक स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत लेने का आरोप है। आरोप है कि कारोबारी के वाहनों की जांच नहीं करने, माल लेकर जा रहे वाहनों को नहीं रोकने और उसका कारोबार बिना बाधा चलने देने के बदले हर महीने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।