भोपाल में शादी करने पहुंचे युवक को कोर्ट में जमकर पीटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजधानी भोपाल की जिला अदालत में पिपरिया से हिंदू युवती को भगाकर कोर्ट मैरिज करने पहुंचे मुस्लिम युवक को कोर्ट के अंदर जमकर लात घूसों से पीटा गया। मारपीट युवती के परिजनों के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने की। कोर्ट की सूचना के बाद पुलिस युवक-युवती को एमपी नगर थाने लेकर आई। परिजनों ने मुस्लिम युवक के खिलाफ लव जिहाद का प्रकरण दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी मुस्लिम युवक को गिरफ्तार कर युवती को परिजनों के साथ पिपरिया भेज दिया।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि शहजाद नाम का युवक नर्मदापुरम जिले के पिपरिया का रहने वाला है। उसने एक हिंदू युवती से तीन साल पहले फेसबुक पर दोस्ती की और हिंदू युवक बनकर उससे बात करने लगा। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। दोस्ती के बाद युवक ने शादी का झांसा दिया और उसे भगाकर शुक्रवार को भोपाल जिला अदालत पहुंचा। पीछे से युवती के परिजन भी संस्कृति बचाओ मंच और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ कोर्ट पहुंचे और युवक के साथ मारपीट कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक और युवती को लेकर थाने आई और पूछताछ की। पूछताछ के बाद शहजाद के खिलाफ धर्म छिपाकर हिंदू युवती को प्रेम में फंसाने और शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आने के बाद प्रकरण दर्ज कर युवक को हिरासत में ले लिया।
वकीलों ने दी थी सूचना, बाद में पहुंचे माता-पिता
पुलिस सूत्रों की मानें तो शहजाद जैसे ही हिंदू युवती को लेकर कोर्ट में शादी करने पहुंचा, वकीलों ने लव जिहाद का मामला देखते हुए हिंदू संगठनों को सूचना दे दी थी। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने युवक को जमकर पीटा। इसके बाद युवती के माता-पिता को भी सूचना दी गई, इसके बाद युवती के माता-पिता और भाई भोपाल पहुंचे। युवती की मां ने पुलिस को बताया कि वह एक परीक्षा देने के बहाने घर से निकली थी। भाई ने बताया कि वह तीन साल से मेरी बहन को परेशान कर रहा था। पिपरिया थाने में युवक की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।