एयर फोर्स की 91वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर राजधानी में एयर शो होने जा रहा है। इसमें एसयू-30, मिराज 2000, जगुआर, एलसीए तेजस, हॉक्स, हेलीकॉप्टर चिनूक, एमआई-17 वी5, चेतक, एएलएच और परिवहन विमान सी130 और आईएल 78 जेसे लड़ाकू विमान शामिल होंगे। रविवार को एयर शो के लिए अभ्यास किया गया।
राजधानी भोपाल के आसमान में आज भारतीय विमान सेना के लड़ाकू विमानों का कब्जा रहा। भारतीय लड़ाकू विमानों ने दोपहर 12:00 बजे भोपाल के बड़े ताल के ऊपर कई हैरतअंगेज कारनामे दिखाए, जिन्हें देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए। विमान की गड़गड़ाहट इतनी तेज रही कि राजधानीवासी अपने घरों की छतों पर पहुंचने के लिए मजबूर हो गए। जिसने भी भारतीय लड़ाकू विमानों के इस करतब को देखा वो उन्हें सैल्यूट करने से अपने आप को नहीं रोक पाया।
विमान को आसमान में उड़ान भरते देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में वीआईपी रोड, लेक व्यू रोड के आसपास एकत्रित हो गए थे। दरअसल, भारतीय वायु सेना अपनी 91वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर, 30 सितंबर को भोपाल के बड़े तालाब के ऊपर मल्टी-एयरक्राफ्ट फ्लाई पास्ट करने जा रही है।
रविवार को करीब दोपहर 12 बजे एयरफोर्स के विमानों ने इसी समारोह के लिए अभ्यास किया। विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने बताया कि 30 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल महामहिम मंगूभाई पटेल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वायु सेना प्रमुख मार्शल वीआर चौधरी, वायु सेना प्रमुख, एयर मार्शल विभास पांडे एओसी-इन-सी, मुख्यालय रखरखाव कमान और अन्य वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे। आयोजन के लिए अभ्यास फ्लाईपास्ट 26 और 27 सितंबर को भी किया जाएगा। आमजन 26 से 30 सितंबर तक सभी दिनों में फ्लाईपास्ट देख सकते हैं।
ये विमान दिखाएंगे करतब
फ्लाईपास्ट में लड़ाकू विमान एसयू-30, मिराज 2000, जगुआर, एलसीए तेजस, हॉक्स, हेलीकॉप्टर चिनूक, एमआई-17 वी5, चेतक, एएलएच और परिवहन विमान सी130 और आईएल 78 शामिल होंगे। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और आकाश गंगा टीमें भी कार्यक्रम में प्रदर्शन करेंगी। इसकी फुलड्रेस रिहर्सल 28 सितंबर 23 को होगी।