मध्य प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई जिलों के स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। कई जिलों में आदेश जारी कर बताया गया है कि ये आदेश सभी शासकीय, निजी स्कूलों पर लागू होगा।
भोपाल जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में संचालित समस्त शासकीय अशासकीय नवोदय सीबीएसई से संबंधित समस्त प्राथमिक माध्यमिक हाई स्कूल हायर सेकेंडरी विद्यालय में दिनांक 23 अगस्त मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। भोपाल जिला शिक्षा अधिकारी नितिन सक्सेना ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर ये निर्णय लिया गया है।
रतलाम में कक्षा पहली से 12वीं तक के समस्त विद्यालय में अवकाश घोषित किया गया है। इसी तरह देवास और उज्जैन में भी स्कूल बंद रहेंगे। विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय स्कूलों एवं कॉलेजों में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार 23 अगस्त का अवकाश घोषित करने का आदेश जारी कर दिया है।
इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने 23 अगस्त मंगलवार को इंदौर ज़िले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के लिए अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार कल भी ज़िले में अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर सिंह ने कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के सभी विद्यालयों के लिए अवकाश घोषित किया है।