मध्य प्रदेश में स्ट्रांग सिस्टम के चलते राजधानी भोपाल समेत प्रदेश भर में झमाझम बारिश का दौर चल रहा है, जिससे प्रदेश के नदी नाले उफान पर आ गए हैं। जगह-जगह जल भराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार को प्रदेश के 9 बांधों के गेट भी खोल दिए गए। भोपाल में कोलार डैम के 4, कलियासोत के 10, भदभदा के 6, नर्मदापुरम में तवा डैम के 9, अशोकनगर में राजघाट के 8, जबलपुर में बरगी के 7, रायसेन के बारना डैम के 6, विदिशा में हलाली डैम के 2 और छिंदवाड़ा में माचागोरा डैम के 4 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। इधर मौसम विभाग में आगे भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मध्य प्रदेश मौसम विभाग में प्रदेश में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है जिसमें बताया गया है कि हरदा, नर्मदापुरम पचमढ़ी, सीहोर, रायसेन सांची भीमबेटका, देवास, बैतूल, खंडवा ओंकारेश्वर, कटनी, उमरिया बांधवगढ़, शहडोल, अनुपपुर अमरकंटक में बिजली के साथ बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। आगर मालवा, शाजापुर, राजगढ़, भोपाल, विदिशा उदयगिरि, इंदौर, उज्जैन महाकालेश्वर, सतना मैहर, डिंडोरी, पांढुर्ना पेंच, खरगोन महेश्वर, रतलाम, दमोह में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश होगी। वहीं सीधी, धार मांडू, नरसिंहपुर, भिंड, श्योपुर-कलां, गुना, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला कान्हा, जबलपुर भेड़ाघाट, सागर, शिवपुरी, अशोकनगर, नीमच में मध्यम वर्षा मंदसौर गांधीसागर बांध, बुरहानपुर के साथ-साथ ग्वालियर, मुरैना, दतिया रतनगढ़, बड़वानी बावनगजा, अलीराजपुर, झाबुआ, निवाड़ी ओरछा, टीकमगढ़, छतरपुर खजुराहो, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली में हल्की बारिश होने की संभावना है।
जाने प्रदेश में कहां कितनी हुई बारिश
शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन भर बारिश का दौर चला। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सीधी में सबसे ज्यादा 3.7 इंच बारिश हुई। राजधानी भोपाल और नरसिंहपुर में सवा इंच पानी गिर गया। रायसेन और सतना में 3 इंच, पचमढ़ी, टीकमगढ़ में 1 इंच, रतलाम, उज्जैन और मलाजखंड में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। बैतूल, नर्मदापुरम, धार, रीवा, उमरिया, गुना, इंदौर, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला में भी बारिश का दौर चलता रहा।
भोपाल में तेज बारिश जारी, डेमो के गेट खुले
राजधानी भोपाल में पिछले दो दिन से लगातार बारिश का दौर चल रहा है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। बारिश के चलते शहर की अनेक इलाकों की सड़कों की हालत खराब हो गई है, जिससे लोगों को आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह बड़ा तालाब फुल हो गया और भदभदा डैम के गेट खोलने पड़े। दोपहर में 11 में से 5 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, कलियासोत डैम के सभी 13 गेट खोल दिए गए हैं। बड़ा तालाब, भदभदा और कलियासोत डैम एक-दूसरे से कनेक्ट है। भोपाल के पास कोलार डैम के भी 8 में से 4 गेट खोले गए हैं। दोपहर साढ़े 3 बजे तक कलियासोत डैम के सभी 13 गेट खोल दिए गए। डैम प्रभारी नितिन कुहीकर ने बताया कि डैम में पानी का लेवल 503.4 मीटर रख रहे हैं। इसलिए इतना पानी मेंटेन करके बाकी पानी को गेट के माध्यम से छोड़ रहे हैं। केरवा डैम अभी करीब 30 प्रतिशत खाली है।