चलती ट्रेनों में मादक पदार्थ और स्वर्ण आभूषणों की तस्करी करने तथा चोरी और लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी इटारसी को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। जीआरपी ने रेलवे फुट ओवरब्रिज पर संदिग्ध हालत में दिखे एक युवक का पीछा किया तो वह पिट्ठू बैग छोड़कर भाग निकला। बैग के अंदर 20 लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें जीआरपी ने जब्त कर लिया है। इस मामले में आभूषणों के मालिक की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
ये भी पढ़ें-
ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर चोर पुलिस हिरासत में, 28 मोबाइल समेत पांच लाख का माल बरामद
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही लगातार चोरी और लूटपाट की घटनाएं भी हो रही हैं। इसके चलते एसपी रेल राहुल कुमार लोढ़ा ने चलती ट्रेनों के साथ ही प्लेटफार्मों और आउटर एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत इटारसी जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने प्लेटफार्म ड्यूटी पर लगे पुलिस स्टाफ को समझाइश देकर चेकिंग के लिए रवाना किया था। इटारसी स्टेशन स्थित फुट ओवर ब्रिज पर चैकिंग के दौरान एक युवक ने पुलिस को देखा तो वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह अपना पिट्ठू बैग ब्रिज पर छोड़कर भीड़ का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका बैग जब्त कर लिया। चैक करने पर बैग के अंदर 15.320 किलोग्राम चांदी के आभूषण मिले। जब्त हुए आभूषणों की कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़ें-
बालाघाट में नक्सलियों का खौफ: आदिवासी युवक का अपहरण, गांव में छोड़े धमकी भरे पर्चे; आईजी बोले- जांच जारी
चांदी की पायल, सिक्के और अंगूठियां बरामद
बैग चैक करने पर अंदर चांदी की विभिन्न प्रकार की डिजाइन और साइज की कुल 492 जोड़ी पायलें, 50 नग चांदी के सिक्के, 18 अंगूठियां रखी हुई थीं। पुलिस का अनुमान है कि उक्त आभूषण चोरी के हो सकते हैं। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। बैग छोड़कर भागने वाले युवक और आभूषणों के मालिक की तलाश के लिए जीआरपी की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।