भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सूरज नगर कॉलोनी में वरिष्ठ अधिवक्ता के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को सात महीने बाद बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे डकैत गिरोह के सक्रिय सदस्य शाहरुख कुरैशी (30) को जयपुर पुलिस ने झोटवाड़ा थाना क्षेत्र के नांगल पुलिया इलाके से अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। शाहरुख उसी हथियारबंद गिरोह का सदस्य है, जिसने 25-26 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात अधिवक्ता के घर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।
इस तरह रची गई थी पूरी साजिश
25-26 दिसंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से सबसे पहले सुरक्षा के लिए मौजूद पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर शांत किया, ताकि वे भौंक न सकें। इसके बाद उन्होंने ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और 18 लाख रुपये नकद के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।
जयपुर में नई डकैती की बना रहा था योजना
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण और झोटवाड़ा थाना प्रभारी रायसल सिंह के अनुसार, 21-22 जुलाई की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शाहरुख कुरैशी नांगल पुलिया क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रह रहा है और अपने फरार साथियों के साथ जयपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
आदतन अपराधी है आरोपी शाहरुख
आरोपी शाहरुख कुरैशी (30) मूल रूप से भोपाल के निशातपुरा स्थित फिजा कॉलोनी का निवासी है। वह एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और डकैती सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
भोपाल डकैती के बाद गिरोह का सरगना वाजिद अली उर्फ वज्जू, शाहरुख और नौ अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। शाहरुख की गिरफ्तारी के बाद अब भोपाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे लूटे गए माल की बरामदगी के साथ-साथ सरगना वाजिद अली उर्फ वज्जू समेत अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।