मुकुल ढोलपुरे के घर की तलाशी करती पुलिस
राजधानी में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच की जांच आगे बढ़ने के साथ नए खुलासे हो रहे हैं। जिला न्यायालय के पिछले गेट के पास करीब 4 ग्राम एमडी के साथ पकड़े गए मुख्य आरोपी मुकुल ढोलपुरे से पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को तीसरे आरोपी रितिक बाथम को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुकुल दिल्ली के एक तस्कर से ड्रग्स लेकर भोपाल में सप्लाई करता था और इसके बदले दिव्यांशु तथा रितिक को कमीशन देता था। पूछताछ में नाइजीरियाई व्यक्ति से ड्रग्स लाकर भोपाल में खपाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब दिल्ली में नेटवर्क से जुड़े एक अन्य व्यक्ति की तलाश कर रही है।
क्राइम ब्रांच को शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला न्यायालय के पिछले गेट के पास एक युवक मादक पदार्थ की डिलीवरी देने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से करीब 4 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान जहांगीराबाद निवासी मुकुल ढोलपुरे के रूप में की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुकुल ने खुद को भोपाल जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाला वकील बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मुकुल ने बताया कि वह दिल्ली के एक तस्कर से ड्रग्स की खेप लेकर भोपाल आता था और शहर में इसकी सप्लाई करने के लिए वह दिव्यांशु और रितिक को कमीशन देता था। मुकुल की निशानदेही पर पुलिस ने पहले दिव्यांशु को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोमवार को रितिक बाथम को भी पकड़ लिया गया। दोनों आरोपी शहर के कुछ नामचीन पब और लाउंज में बैठते थे। हालांकि इन स्थानों पर ड्रग्स की सप्लाई होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: धार: पुलिस जवान को गोली मारी! दूधी बायपास पर कुंदा फाटे के पास घायल मिला जवान, हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर
सोमवार दोपहर क्राइम ब्रांच की टीम मुकुल ढोलपुरे के घर भी पहुंची। टीम ने करीब एक बजे तलाशी शुरू की, जो दोपहर लगभग दो बजे तक चली। बताया गया कि पूछताछ के दौरान मुकुल ने ड्रग्स को घर में छिपाकर रखने की बात कही थी। हालांकि तलाशी में कोई अतिरिक्त मादक पदार्थ या अन्य सामग्री बरामद हुई या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। पुलिस पूछताछ में मुकुल ने एक नाइजीरियाई व्यक्ति से ड्रग्स लेकर भोपाल में सप्लाई करने की बात भी बताई है। इस जानकारी के आधार पर जांच का दायरा अब दिल्ली तक पहुंच गया है और नेटवर्क से जुड़े एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मुकुल ढोलपुरे को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के आपसी संपर्क, ड्रग्स की आपूर्ति के स्रोत और भोपाल में इसकी बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच जारी रखी। फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। दिल्ली और कथित तौर पर नाइजीरियाई व्यक्ति से जुड़े संपर्कों की जांच के बाद ही ड्रग्स की आपूर्ति के पूरे नेटवर्क के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।