लोकसभा की सदस्यता गवां चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली स्थित उनका सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को ऑफर दिया है कि वे उनके बंगले में रह सकते हैं।
बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को लोकसभा में अयोग्य करार दिए जाने के बाद दिल्ली में स्थित उनके सरकारी बंगले को खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है, इसलिए वे मेरे घर में रह सकते हैं। राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी उदार हृदय वाले इंसान हैं और उनके लिए पूरा देश एक परिवार की तरह है।
मैं खुद को भाग्यशाली समझूंगा
दिग्विजय सिंह ने कहा 'राहुल जी मेरा घर आपका घर है और मैं आपका स्वागत करता हूं। अगर आप यहां आकर रहते हैं तो मैं खुद को भाग्यशाली समझूंगा।'
राहुल गांधी को नोटिस जारी
सोमवार को राहुल गांधी को नोटिस जारी कर कहा गया है कि वे 22 अप्रैल तक सरकारी बंगला खाली कर दें। मानहानि से जुड़े एक मुकदमे में राहुल गांधी को दो साल की सजा होने के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता चली गई है। राहुल गांधी अब वायनाड से सांसद नहीं हैं।
22 अप्रैल तक खाली करना है बंगला
लोकसभा की हाउसिंग कमेटी ने राहुल के आधिकारिक आवास को खाली कराने का निर्णय लिया था। राहुल गांधी 12, तुगलक लेन में साल 2005 से रह रहे हैं। राज्यसभा सांसद के नाते दिग्विजय सिंह को भी दिल्ली में सरकारी आवास मिला हुआ है।