छिंदवाड़ा के परासिया में स्थित ‘अपना मेडिकल स्टोर’ पर गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसका ड्रग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। विभागीय जांच में दवाओं की बिक्री में नियमों का उल्लंघन और रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गईं।
मध्य प्रदेश में जहरीले कफ सिरप से 16 बच्चों की मौत के बाद सरकार एक्शन में आ गई है। छिंदवाड़ा जिले के परासिया में स्थित ‘अपना मेडिकल स्टोर’ का ड्रग लाइसेंस गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय, छिंदवाड़ा द्वारा की गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय के अधिकारयिों ने बताया कि जांच के दौरान स्टोर पर कई नियमों का उल्लंघन पाया गया जैसे विक्रय रिकॉर्ड अधूरे थे, पंजीकृत फार्मासिस्ट की गैरमौजूदगी में दवाएं बेची जा रही थीं, और विक्रय बिल भी नहीं दिखाए गए। इन गड़बड़ियों को लेकर नोटिस जारी किया गया था, लेकिन स्टोर संचालक ने तय समय में जवाब नहीं दिया। इसके बाद विभाग ने लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की। अब इस स्टोर पर दवाओं की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने पर तीन से पांच साल तक की सजा का प्रावधान है।